मधेपुरा में हादसा: घर से खेलने निकले 2 बच्चों की पोखर में डूबने से मौत, इलाके में पसरा मातम
मधेपुरा के मुरलीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में एक पोखर में डूबने से आठ वर्षीय नीरज कुमार और दस वर्षीय करीना कुमारी की मौत हो गई।

घर से खेलने निकले 2 बच्चों की पोखर में डूबने से मौत, इलाके में पसरा मातम
HighLights
मुरलीगंज नगर पंचायत के पोखर में डूबने से दो बच्चों की मौत।
मृतकों की पहचान नीरज कुमार और करीना कुमारी के रूप में हुई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे, परिजनों को मुआवजे का आश्वासन।
संवाद सूत्र, मुरलीगंज (मधेपुरा)। मुरलीगंज नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 में पोखर में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान वार्ड 14 निवासी भूपेंद्र पासवान के आठ वर्षीय पुत्र नीरज कुमार और चौसा प्रखंड निवासी नकुल पासवान की 10 वर्षीय पुत्री करीना कुमारी के रूप में हुई है। करीना अपने नाना कपिलदेव पासवान के घर रह रही थी।
बताया गया कि बुधवार की शाम करीब पांच बजे दोनों बच्चे घर के पास खेलने निकले थे। इसी दौरान वे वार्ड 15 स्थित पोखर में डूब गए। शाम को बच्चों के घर नहीं लौटने पर स्वजनों ने तलाश शुरू की।
काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला। देर शाम पोखर में डूबने की जानकारी मिलने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों का शव पोखर से बरामद किया गया।
घटना की सूचना पुलिस को रात करीब सात बजे मिली। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और मुहल्ले में मातम पसरा है।
थानाध्यक्ष अकमल हुसैन ने बताया कि पोखर में दो बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम माैके पर पहुंची। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। अंचलाधिकारी से बात कर नियमानुसार मृतक बच्चों के स्वजन को मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
