शिवम की मौत ने झकझोरा, युवाओं ने संभाली सड़क! मधेपुरा में जनसहयोग से भरा जानलेवा गड्ढा, चला सुरक्षा अभियान
मधेपुरा के उदाकिशुनगंज में सड़क के जानलेवा गड्ढे से शिवम मिश्रा की मौत के बाद स्थानीय युवाओं ने श्रमदान कर ...और पढ़ें

हादसे के बाद सड़क के जानलेवा गड्ढे को सीमेंट व गिट्टी से भरते उदाकिशुनगंज के युवा
HighLights
शिवम मिश्रा की मौत के बाद युवाओं ने गड्ढा भरा।
श्रमदान कर सीमेंट, बालू, गिट्टी से सड़क मरम्मत की।
सड़क सुरक्षा और हेलमेट जागरूकता अभियान चलेगा।
संवाद सूत्र, उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर गांव के पास स्टेट हाईवे (एसएच 58) पर बीते गुरुवार को सड़क के जानलेवा गड्ढे के कारण बाइक सवार युवक शिवम मिश्रा की दर्दनाक मौत हो गई थी।
इस प्रशासनिक उपेक्षा और हादसे से सबक लेते हुए मंगलवार को स्थानीय युवाओं की सामाजिक चेतना जाग उठी। उप मुख्य पार्षद मिंकी कुमारी के प्रतिनिधि जानसन दास के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं ने श्रमदान कर सड़क पर फैले जानलेवा गड्ढों को भरने का बीड़ा उठाया।
उदाकिशुनगंज (मधेपुरा) थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर के पास एसएच 58 पर गड्ढे के कारण बाइक सवार शिवम मिश्रा की हुई थी मौत
हादसे से आक्रोशित युवाओं ने उप मुख्य पार्षद मिंकी कुमारी के प्रतिनिधि जानसन दास के नेतृत्व में श्रमदान कर गड्ढे को भरा
सीमेंट, बालू और गिट्टी से सड़क के जानलेवा गड्ढों की ढलाई कर भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने का किया प्रयास
एसएच 58, 91 और एनएच 106 पर निरंतर जारी रहेगा गड्ढा मुक्ति अभियान; वाहन चालकों को हेलमेट के लिए किया जाएगा जागरूक
युवाओं ने दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर सीमेंट, बालू और गिट्टी के मसाले से गड्ढे की पक्की ढलाई की, ताकि भविष्य में किसी अन्य राहगीर को अपनी जान न गंवानी पड़े।
प्रशासन की उदासीनता पर समाज का करारा जवाब, जारी रहेगा गड्ढा मुक्ति अभियान
सड़क मरम्मत के दौरान युवाओं ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुरक्षा के मामलों में जब प्रशासनिक महकमा उदासीन रवैया अपनाता है, तो समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और युवाओं को खुद आगे आना पड़ता है।
युवाओं ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र तथा आसपास के राज्य व राष्ट्रीय राजमार्गों पर यह पहल निरंतर जारी रहेगी। लक्ष्मीपुर के बाद अब एसएच 58, एसएच 91 और एनएच 106 पर जहां भी इस तरह के खतरनाक गड्ढे मिलेंगे, उन्हें युवाओं की टीम प्राथमिकता के आधार पर भरकर मोटरेबल बनाएगी, ताकि हादसों पर अंकुश लग सके।
गति नियंत्रण और हेलमेट पहनने के लिए चलाया जाएगा विशेष जागरूकता अभियान
गड्ढा भरने के साथ-साथ युवाओं की इस टीम ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक व्यापक मुहिम चलाने का भी निर्णय लिया है। इसके तहत एसएच और एनएच से गुजरने वाले दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को गति सीमा नियंत्रित रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
साथ ही, बाइक चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान में शामिल युवाओं ने कहा कि जरा सी लापरवाही और सड़क की बदहाली किसी का हंसता-खेलता परिवार उजाड़ देती है, इसलिए सुरक्षा नियमों का पालन बेहद जरूरी है।
