विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM सूर्य घर योजना पर एक्शन! मधेपुरा डीएम ने बैंक प्रबंधकों को लगाई फटकार, लंबित लोन तुरंत स्वीकृत करने के निर्देश

Published: Wed, 07 Oct 2026 06:20 PM (IST)

PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana मधेपुरा के जिलाधिकारी ने 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के तहत लंबित ऋण ...और पढ़ें

PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana Madhepura: प्रीतकात्‍मक तस्‍वीर।

PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana Madhepura: प्रीतकात्‍मक तस्‍वीर।

HighLights

  1. डीएम ने पीएम सूर्य घर योजना के ऋण आवेदनों की समीक्षा की।

  2. बैंकों को लंबित ऋण आवेदन तत्काल स्वीकृत करने के सख्त निर्देश।

  3. योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक परिवारों को लाभान्वित करें।

संवाद सहयोगी, मधेपुरा। PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana :  केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' को धरातल पर गति देने और उपभोक्ताओं को समय पर लाभ पहुंचाने के लिए मधेपुरा जिला प्रशासन सख्त हो गया है। योजना के तहत विभिन्न बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों की प्रगति की गहन समीक्षा के लिए बुधवार को जिला मुख्यालय के डीआरडीए परिसर स्थित झल्लू बाबू सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने उपविकास आयुक्त अरुण कुमार, जिले के सभी विद्युत अभियंताओं और विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ एक-एक बिंदु पर समीक्षा की।

बैंक शाखा प्रबंधक समय-सीमा के भीतर स्वीकृत करें ऋण: डीएम

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बैंकों में आवेदनों के लंबे समय से लंबित रहने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। पात्र उपभोक्ताओं के ऋण अविलंब स्वीकृत किए जाएं और स्वीकृत राशि का वितरण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

डीएम ने कहा कि जिन आवेदनों में किसी तकनीकी दस्तावेज या कागजात की कमी है, उसे दबाकर बैठने के बजाय उसकी स्पष्ट जानकारी संबंधित आवेदक और विद्युत विभाग के कनीय अभियंताओं को तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि जरूरी प्रक्रिया पूरी कर फाइलों का निस्तारण तेजी से हो सके।

बैंक और विद्युत विभाग बनाएं समन्वय, समय पर लगे सोलर प्लांट

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे लंबित ऋण वाले उपभोक्ताओं का अद्यतन और व्यवस्थित डेटाबेस तैयार रखें। साथ ही संबंधित बैंक शाखाओं के प्रबंधकों से निरंतर समन्वय बनाकर ऋण स्वीकृति में आ रही अड़चनों को दूर कराएं।

डीएम अभिषेक रंजन ने दो टूक कहा कि बैंक से ऋण की राशि जारी होने के बाद छतों पर सोलर प्लांट की स्थापना में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शत-प्रतिशत स्वीकृत मामलों में तय समय-सीमा के भीतर सोलर पैनल स्थापित कराए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि जिले के अधिक से अधिक पात्र परिवार सौर ऊर्जा से जुड़कर मुफ्त बिजली का लाभ उठा सकें।

यह भी पढ़ें- मुफ्त बिजली संग घटेगा खर्च! भागलपुर में PM सूर्य घर योजना पर मंथन, सोलर रूफटॉप के लिए बैंकों को त्वरित लोन का निर्देश