मुफ्त बिजली संग घटेगा खर्च! भागलपुर में PM सूर्य घर योजना पर मंथन, सोलर रूफटॉप के लिए बैंकों को त्वरित लोन का निर्देश
PM Surya Ghar Yojana Bhagalpur :भागलपुर के पीरपैंती प्रखंड में 'पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु ...और पढ़ें

PM Surya Ghar Yojana Bhagalpur : पीरपैंती ट्रायसम भवन में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक करते बीडीओ अभिमन्यु कुमार व उपस्थित अधिकारी
संवाद सूत्र, पीरपैंती (भागलपुर)। PM Surya Ghar Yojana Bhagalpur : ग्रामीण इलाकों में स्वच्छ व नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा आम परिवारों को भारी-भरकम बिजली बिल से राहत दिलाने के उद्देश्य से प्रशासनिक स्तर पर कवायद तेज हो गई है। भागलपुर जिला अंतर्गत पीरपैंती प्रखंड कार्यालय स्थित ट्रायसम भवन सभागार में सोमवार को 'पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना' के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अभिमन्यु कुमार ने की। इस बैठक में प्रखंड स्तरीय विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के अतिरिक्त विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कनीय अभियंता (जेई) और ब्लॉक लेवल बैंकर्स कमेटी (बीएलबीसी) के प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सोलर रूफटॉप, बैंक लोन और सरकारी सब्सिडी पर चर्चा
बैठक के दौरान पीएम सूर्य घर योजना के मूलभूत उद्देश्यों, वास्तविक व पात्र लाभुकों के चयन, आवासीय छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित करने की तकनीकी प्रक्रिया, बैंक से मिलने वाले सुलभ ऋण तथा केंद्र सरकार द्वारा देय अनुदान (सब्सिडी) से जुड़े तमाम पहलुओं पर बिंदुवार विचार-विमर्श किया गया।
बीडीओ अभिमन्यु कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों और बैंक प्रबंधकों को निर्देशित करते हुए कहा कि पंचायत व गांव स्तर पर विशेष प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता और पात्र परिवारों को आवेदन की ऑनलाइन प्रक्रिया, योजना के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता और बैंक ऋण के आसान नियमों की विस्तृत जानकारी दी जाए ताकि अधिक से अधिक लोग प्रेरित हो सकें।
बिजली विभाग और बैंकों में आपसी समन्वय पर जोर
बीडीओ ने स्पष्ट किया कि इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य लक्ष्य अधिक से अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा के नेटवर्क से जोड़कर उनके बिजली खर्च को न्यूनतम करना और पर्यावरण अनुकूल स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है। उन्होंने विद्युत विभाग के अभियंताओं और बैंक प्रतिनिधियों को आपस में मजबूत समन्वय बनाकर कार्य करने की हिदायत दी।
उन्होंने निर्देश दिया कि पोर्टल पर प्राप्त लाभुकों के आवेदनों के भौतिक सत्यापन, बैंक स्तर से ऋण स्वीकृति, छतों पर सोलर पैनल की स्थापना और उसके बाद अनुदान राशि जारी करने की पूरी प्रक्रिया का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। बीडीओ ने सभी अधिकारियों को तय लक्ष्य को समय पर हासिल करने के लिए तत्परता से जुटने को कहा।
