विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खेतों में 'अकालनाशक' बो रहे मधेपुरा के किसान, बंपर हो रही कमाई; बस रखें इन बातों का ध्यान

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:12 PM (IST)Updated: Mon, 23 Nov 2026 03:23 PM (IST)

पुरैनी, मधेपुरा के किसानों को आलू की खेती में शुरुआती प्रबंधन और रोग नियंत्रण के अभाव में नुकसान होता है। बेहतर उत्पादन के लिए समय पर बुवाई, उन्नत किस्मों का चयन, खाद-पानी और सिंचाई का उचित प्रबंधन आवश्यक है।

मधेपुरा के किसानों की तकदीर बदल रहा 'अकालनाशक' आलू (AI Generated Image)

मधेपुरा के किसानों की तकदीर बदल रहा 'अकालनाशक' आलू (AI Generated Image)

HighLights

  1. शुरुआती प्रबंधन और रोग नियंत्रण आलू उत्पादन में महत्वपूर्ण।

  2. उन्नत किस्मों का चयन और खाद-पानी का उचित उपयोग।

  3. समय पर सिंचाई और झुलसा रोग से बचाव जरूरी।

संवाद सूत्र, पुरैनी (मधेपुरा)। रबी फसल के रूप में आलू किसानों के लिए एक बेहतर विकल्प माना जाता है, लेकिन शुरुआती प्रबंधन के अभाव एवं फसल में रोग की संभावना बढ़ने के कारण किसानों को हर वर्ष काफी नुकसान का सामना करना पड़ता है। प्रखंड क्षेत्र में औसतन हजारों हेक्टेयर भूमि में आलू की खेती होती है।

प्रखंड क्षेत्र के झंडापुर बासा, गणेशपुर, पुरैनी, बघरा, डुमरैल, ओरलाहा, गणेशपुर दियारा, बघवा दियारा, भटौनी, चटनमा, बंशगोपाल, मकदमपुर, फुलपुर, छब्बू बासा, अंभोबासा, औराय और मरूवाही सहित कई अन्य गांवों के काफी संख्या में किसान आलू की खेती कर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में सफल हो रहे हैं।

हालांकि, साल-दर-साल प्राकृतिक आपदा की वजह से समय पर फसल नहीं लगाने एवं प्रबंधन के अभाव में बेहतर उत्पादन नहीं मिलने के कारण किसानों को व्यापक पैमाने पर नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

इसके लिए किसान समय पर फसल लगाने के साथ-साथ शुरुआती प्रबंधन एवं बेहतर किस्मों का चुनाव कर नुकसान की संभावना से काफी हद तक बच सकते हैं।

अकालनाशक कहलाता है आलू

सामान्यतः आलू का उत्पादन अन्य फसलों की तुलना में कई गुना अधिक होता है। साथ ही इसकी खपत अधिक होने से किसानों को आसानी से बाजार भी उपलब्ध हो जाता है। आलू को अकालनाशक फसल की संज्ञा दी गई है।

सामान्यतः आलू की रोपनी अक्टूबर के प्रथम सप्ताह से दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक की जाती है। यहां आलू की अगेती (अगात) एवं पछेती (पछात), दो किस्मों की खेती की जाती है, लेकिन पछेती किस्म के आलू में पाला मारने एवं विभिन्न रोगों की संभावना अधिक होने की वजह से किसानों को प्रायः नुकसान का सामना करना पड़ता है।

खेतों की तैयारी एवं बेहतर किस्मों का चयन है जरूरी

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, आलू की खेती के लिए खेत की तैयारी के साथ ही उर्वरक एवं सिंचाई का ध्यान रखना आवश्यक है। इसके साथ ही बेहतर पैदावार के लिए उन्नत किस्मों का चयन भी जरूरी है। आलू की फसल में खाद की आवश्यकता अधिक होती है।

इसके लिए किसानों को 200 क्विंटल गोबर की खाद एवं 5 क्विंटल खल्ली प्रति हेक्टेयर की दर से प्रयोग करनी चाहिए। इसके साथ ही 150 किलोग्राम नाइट्रोजन (नत्रजन), 300 किलोग्राम यूरिया, 90 किलोग्राम फॉस्फोरस (स्फुर) एवं 100 किलोग्राम पोटाश प्रति हेक्टेयर की दर से उपयोग करना चाहिए।

आलू की उन्नत प्रभेदों में राजेंद्र आलू-03, कुफरी ज्योति, कुफरी सतलज, कुफरी आनंद और कुफरी बहार अगेती प्रभेद हैं। जबकि राजेंद्र आलू-01, कुफरी सिंदूरी, कुफरी लालिमा आदि पछेती किस्मों को आसानी से लगाया जा सकता है।

सिंचाई का करें समुचित प्रबंध

प्रखंड कृषि पदाधिकारी अंशूली प्रिया ने बताया कि आलू के बेहतर उत्पादन के लिए समय पर सिंचाई आवश्यक है। खाद की मात्रा अधिक होने के कारण पहली सिंचाई रोपनी के 10 से 20 दिनों के बीच कर देनी चाहिए। दो सिंचाइयों के बीच 20 दिनों से अधिक का अंतर नहीं होना चाहिए।

समय पर सिंचाई से फसल की वृद्धि एवं उत्पादन में समुचित विकास होता है। साथ ही रोग प्रतिरोधक क्षमता का भी विकास होता है। इसके अलावा फसल को झुलसा रोग से बचाना भी आवश्यक होता है।

झुलसा का प्रकोप होने पर फसल का उत्पादन 40 फीसदी तक कम हो सकता है। इसलिए समय पर रोग की पहचान कर इसका उपचार करना जरूरी है।

यह भी पढ़ें- भोजपुर में 9 करोड़ के ब्याज ने रोका धान खरीद का पहिया, कर्ज में डूबे पैक्सों का बहिष्कार

यह भी पढ़ें- अकवान से धान की फसल बची, अब गेहूं-चना और आलू पर मंडराया खतरा; भोजपुर में 13 डिग्री तक गिरेगा पारा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।