विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अकवान से धान की फसल बची, अब गेहूं-चना और आलू पर मंडराया खतरा; भोजपुर में 13 डिग्री तक गिरेगा पारा

Published: Mon, 23 Nov 2026 02:36 PM (GMT+05:30)

चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से भोजपुर में बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, जिससे धान की फसल और रबी की बुवाई पर खतरा मंडरा रहा है।  

कटनी के लिए तैयार धान की फसल। सौ. किसान

कटनी के लिए तैयार धान की फसल। सौ. किसान

अरुण प्रसाद, आरा। बंगाल की खाड़ी से उठे अति गंभीर चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से भोजपुर में बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

21 नवंबर से मौसम में बदलाव के बाद 22 नवंबर तक जिले में छिटपुट बारिश होती रही। बादल छाने, तापमान गिरने और नमी बढ़ने से खेतों में रखी गई धान की फसल के साथ बोई गई रबी की फसलों पर भी खतरा मंडराने लगा था।

करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और औसत आर्द्रता 77 प्रतिशत रहने से खेतों में नमी बनी रही। इससे फसलों में रोग और सड़न की आशंका बढ़ गई।

हालांकि, तीन-चार दिनों बाद दोपहर में धूप निकलने से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश की संभावना कम है, लेकिन तापमान में गिरावट जारी रहने के आसार हैं।

नमी बढ़ने से गेहूं, चना और आलू पर रोग का खतरा

पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं कृषि विज्ञान केंद्र, भोजपुर के अध्यक्ष डा. प्रवीण कुमार द्विवेदी के अनुसार, असामयिक बारिश से दिसंबर में देर से बोई जाने वाली गेहूं समेत अन्य रबी फसलों की बुआई प्रभावित हो सकती है।

ऐसी स्थिति में बीज उपचार के बाद हल्का अंकुरण कराकर बुआई करना लाभदायक होगा। खेतों में अधिक नमी या जलजमाव होने से हाल में बोए गए बीज जमीन के अंदर ही सड़ सकते हैं और उनका अंकुरण प्रभावित हो सकता है।

लगातार बादल छाए रहने और नमी बढ़ने से चना, मसूर, मटर और आलू में जड़ गलन, उकठा और झुलसा रोग का खतरा बढ़ जाता है।

तिलहन फसलों में तना सड़न और सफेद रतुआ रोग की आशंका रहती है। दलहनी फसलों की जड़ों को जलजमाव के कारण पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती। इससे पौधे मुरझाने लगते हैं और उकठा रोग का संक्रमण बढ़ सकता है।

खेतों में पानी जमा नहीं होने दें किसान

कृषि वैज्ञानिक ने किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने के लिए नालियां बनाने और जलजमाव रोकने की सलाह दी है।

मौसम साफ होने के बाद पत्तियों पर धब्बे या रोग के लक्षण दिखने पर उपयुक्त फफूंदनाशक का छिड़काव करना चाहिए।

जरूरत के अनुसार तिलहन और दलहनी फसलों में प्रोपिकोनाजोल अथवा एजोक्सीस्ट्रोबिन और डाइफेनोकोनाजोल के मिश्रण का 250 मिलीलीटर प्रति एकड़ की दर से प्रयोग किया जा सकता है।

आलू में कंद सड़ने और पछेती झुलसा रोग की आशंका को देखते हुए खेतों का नियमित निरीक्षण जरूरी है। रोग के लक्षण मिलने पर कृषि विशेषज्ञ की सलाह से अनुशंसित फफूंदनाशक का प्रयोग करना चाहिए।

रबी फसलों में पोटाश, फास्फेट और सल्फर का अनुशंसित मात्रा में प्रयोग भी पौधों की रोगरोधी क्षमता बढ़ाने में सहायक होता है।

कल से 13 डिग्री तक पहुंचेगा न्यूनतम तापमान

मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 नवंबर को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 16 डिग्री रहने का अनुमान है। 25 नवंबर से न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी।

25 से 30 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। एक दिसंबर को अधिकतम तापमान 25 और दो दिसंबर को 24 डिग्री तक पहुंच सकता है।

ऐसे में बारिश का खतरा भले ही कम हो, लेकिन गिरते तापमान और खेतों में बनी नमी के कारण किसानों को रबी फसलों की नियमित निगरानी करनी होगी।

आने वाले दिनों में संभावित तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

तारीख

अधिकतम

न्यूनतम

24 नवंबर

26

16

25 नवंबर

26

13

26 नवंबर

26

14

27 नवंबर

26

13

28 नवंबर

26

13

29 नवंबर

26

13

30 नवंबर

26

13

1 दिसंबर

25

13

2 दिसंबर

24

13

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।