भोजपुर में 9 करोड़ के ब्याज ने रोका धान खरीद का पहिया, कर्ज में डूबे पैक्सों का बहिष्कार
भोजपुर जिले में धान अधिप्राप्ति सीएमआर भुगतान में देरी और ब्याज माफी की मांग के कारण अटकी हुई है। पैक्सों के बहिष्कार से 15 नवंबर से खरीद शुरू नहीं हो सकी, जिससे उन्हें करोड़ों का अतिरिक्त ब्याज चुकाना पड़ा है।

भोजपुर में 9 करोड़ के ब्याज ने रोका धान खरीद का पहिया (AI Generated Image)
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में धान अधिप्राप्ति का मामला सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) की राशि के समय पर भुगतान और विलंब से भुगतान होने पर ब्याज माफी की मांग को लेकर अटक गया है।
इसके कारण निर्धारित तिथि 15 नवंबर से आठ दिन बाद भी जिले में सरकारी स्तर पर धान की खरीद शुरू नहीं हो सकी है। पैक्सों ने अपनी मांगों को लेकर अधिप्राप्ति का बहिष्कार कर रखा है। पहले खरीद का लक्ष्य बढ़ाने और बाद में बैंक ऋण पर चढ़े ब्याज को माफ करने की मांग उठाई गई।
सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष सत्येंद्र नारायण सिंह ने बताया कि बिहार राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) की ओर से सीएमआर की राशि के भुगतान में देरी का खामियाजा पैक्सों को भुगतना पड़ रहा है।
पैक्सों ने मई में ही सीएमआर जमा कर दिया था, लेकिन भुगतान जुलाई तक किया गया। इस कारण समितियों को करीब नौ करोड़ रुपये अतिरिक्त ब्याज चुकाना पड़ा। कई पैक्सों को बैंक का कर्ज चुकाने के लिए अपनी जमीन तक बंधक रखनी पड़ी।
जिला सहकारिता पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि पैक्सों के बहिष्कार के कारण अब तक एक छटाक भी धान की खरीद नहीं हुई है। उन्होंने स्वीकार किया कि अधिकांश पैक्सों को सीएमआर की राशि विलंब से मिली, जिससे उन्हें दो से पांच लाख रुपये तक अतिरिक्त ब्याज देना पड़ा।
245.88 करोड़ रुपये का लिया था कैश क्रेडिट
पिछले वर्ष जिले के 196 पैक्स और नौ व्यापार मंडलों ने किसानों से धान खरीदने के लिए सेंट्रल को-आपरेटिव बैंक से 245.88 करोड़ रुपये का कैश क्रेडिट लिया था।
करीब छह दर्जन पैक्सों ने मई-जून में ही एसएफसी को सीएमआर उपलब्ध करा दिया था। बावजूद इसके भुगतान में कई महीने की देरी हुई।
नियमानुसार किसानों को धान खरीद के 24 घंटे के भीतर भुगतान और एसएफसी से पांच दिनों में राशि मिलने की अपेक्षा रहती है।
88.38 करोड़ रुपये अब भी बकाया
पिछले विपणन वर्ष में जिले में 1,43,661 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई थी। इससे 98,666.29 मीट्रिक टन सीएमआर तैयार हुआ, जिसकी कीमत 349.12 करोड़ रुपये थी। इसमें 88.38 करोड़ रुपये अब भी एसएफसी के पास बकाया हैं।
चालू वर्ष में 93 हजार मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 35 प्रतिशत कम है। बैंक ने 145 पैक्सों को एक लाट की खरीद के लिए 10.45 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।