Updated: Tue, 03 Jun 2025 07:34 PM (IST)
मधेपुरा के पुरैनी में एक नवविवाहिता मनीषा कुमारी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच कर रही है। मृतका के गले पर निशान मिले हैं जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतका की दूसरी शादी दस माह पहले हुई थी और पति पंजाब में मजदूरी करता है। घटना के बाद मृतका की गोतनी फरार है।
संवाद सूत्र, पुरैनी(मधेपुरा)। पुरैनी थाना अंतर्गत दुर्गापुर पंचायत के वार्ड नंबर चार दुर्गापुर गोठ बस्ती में सोमवार की संध्या में एक नवविवाहिता संदेहास्पद परिस्थिति में मृत पाई गई।
मृतका की पहचान मुकेश मंडल की पत्नी मनीषा कुमारी (26) के रूप में हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुरैनी थाना की पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा भेज कर मामले की जांच में जुटी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मायके वाले पहुंचे तो मृतका की गोतनी सपरिवार फरार हो गई। मृतका के पति मजदूरी करने पंजाब गए हैं। मनीषा की दस माह पूर्व मुकेश मंडल के साथ दूसरी शादी हुई थी।
मनीषा की दूसरी और मुकेश मंडल की तीसरी शादी थी
जानकारी के अनुसार निवासी मुकेश मंडल की पत्नी मनीषा देवी पति के पंजाब में रहने की वजह से ससुराल में अकेली रह रही थी। सोमवार की संध्या वह बिछावन पर मृत पाई गई। मृतका के गले में निशान था। इससे आशंका जताई जा रही है कि गला घोंटकर हत्या कर दी गई है।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
वहीं, घटना की सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता मंटू मंडल, मां एवं भाई पप्पू मंडल ने बताया कि मनीषा देवी की दूसरी शादी लगभग 10 माह पूर्व मुकेश मंडल के साथ हुई थी। जबकि इससे पूर्व मनीषा की शादी आलमनगर थाना क्षेत्र के बड़गांव में हुई थी। जिसमें उसे एक पुत्री भी है।
वहीं, ग्रामीणों की मानें तो मुकेश मंडल की यह तीसरी शादी थी। पूर्व की उसकी दो पत्नियां पारिवारिक कलह के कारण उसे छोड़कर अन्यत्र शादी कर ली। मुकेश मंडल को उसकी भाभी के द्वारा फिर से शादी नहीं करने का बराबर दबाव दिया जाता था।
बावजूद मुकेश मंडल ने तीसरी शादी बगैर परिवार के अन्य सदस्यों की सहमति से मनीषा के साथ की थी। मृतका की मां ने बताया कि उसे मृतका के गोतनी की पुत्री से मालूम हुआ कि मनीषा ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। जबकि यहां आने पर देखा तो फंदा कहीं भी नहीं लगा था। वह बिछावन पर मृत पाई गई।
वहीं, मृतका के पिता, भाई एवं मां का कहना था कि हमलोगों को किसी पर कोई शंका नहीं है। वहीं, घटना के बाद से मृतका की गोतनी, उसकी पुत्री एवं अन्य सभी फरार हैं।
थानाध्यक्ष राघव शरण ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझ पाएगी। मृतका के स्वजन से आवेदन मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।