राहुल गांधी के 'वोट चोरी' के आरोपों से CM नीतीश के मंत्री भड़के, पूर्व PM नेहरू को लेकर उठाए सवाल
Rahul Gandhi के नाना पंडित जवाहर लाल नेहरू वोट चोरी करके देश के पहले प्रधानमंत्री बने। अब उनके नाती बिहार में वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार में नगर विकास मंत्री जीवेश कुमार ने राहुुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देना कांग्रेस का संस्कार है।

जागरण संवाददाता, मधेपुरा। Bihar Politics मधेपुरा पहुंचे बिहार सरकार के नगर एवं आवास विभाग के मंत्री जीवेश कुमार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वोटर अधिकार यात्रा पर तीखा कटाक्ष किया। कहा, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली-गलौज करना राहुल गांधी के पार्टी का संस्कार है। कांग्रेस की राजनीति में हमेशा गाली-गलौज और व्यक्तिगत हमले होते रहे हैं। विपक्ष एवं कांग्रेस के नेता राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में तू-तड़ाक करके बात करते हैं, तो उनके पार्टी के कार्यकर्ता क्या करेंगे। कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा यही है।
मंत्री ने कहा, जिनके नाना वोट चोरी करके देश के पहले प्रधानमंत्री बने, वह देश में वोट अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली-गलौज राहुल गांधी के मंच से किया गया है। इससे आज पूरा देश शर्मसार हो गया है। देश की एक-एक मां शर्मशार है। जिस मां का निधन हो चुका है, उन्हें कांग्रेस के लोग ही गाली-गलौज कर सकते हैं। इससे कांग्रेस ने अपने चाल-चरित्र एवं चेहरा को उजागर किया है।
राहुल गांधी को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए
मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र संवाद से स्थापित होगा, लोकतंत्र गाली-गलौज से स्थापित नहीं होगा। प्रधानमंत्री देश के प्रधानमंत्री होते हैं और मुख्यमंत्री राज्य के मुख्यमंत्री होते हैं। जिस प्रकार के असंसदीय एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग कांग्रेस पार्टी के आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के मेंबर ने किया है, इसके लिए राहुल गांधी को पूरे देश की माता एवं युवाओं से माफी मांगनी चाहिए। इस देश के हर माता को गाली देने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया है। इसलिए राहुल गांधी को पूरे देश से माफी मांगना चाहिए। सभी मां से माफी मांगना चाहिए।
2025 में राजद का हाल 2010 से भी बुरा होने वाला है
मंत्री जीवेश कुमार ने कहा कि एनडीए राहुल गांधी को नोटिस ही नहीं कर रही है। हम लोगों ने नोटिस तब लिया जब देश की माता को गाली-गलौज करने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया है। बिहार की जनता ने मन बनाकर बैठी है कि 2025, फिर से नीतीश। मैं पूरी जिम्मेदारी से बाबा सिंहेश्वर नाथ की धरती से इस बात कि घोषणा करता हूं और सभी लोग लिखकर रख लें कि 2025 में राजद का हाल 2010 से भी बुरा होने वाला है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।