बिहार के मधेपुरा में सरकारी स्कूल में मची भगदड़... पढ़ाई कर रहे बच्चों पर गिरा शेड, कंधे में कील चुभने से लहूलुहान
Madhepura News बिहार के मधेपुरा में एक सरकारी स्कूल का शेड गिर जाने से छह बच्चे जख्मी हो गए। कुमारखंड प्रखंड के मध्य विद्यालय छर्रापट्टी में शुक्रवार को हुए इस हादसे में एक बच्चा दायें कंधे में कील चुभने से लहूलुहान हो गया। घायल बच्चों का सीएचसी में इलाज कराया गया।

संवाद सूत्र, जागरण, कुमारखंड (मधेपुरा)। Madhepura News कुमारखंड प्रखंड के लक्षमीपुर चंडीस्थान पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय छर्रापट्टी में चदरे का शेड गिरने से छह बच्चे जख्मी हो गए। इस दौरान पहली कक्षा के छात्र प्रिंस कुमार के दायें कंधे में कील चुभ गया। लहूलुहान प्रिंस को स्वजन द्वारा इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ केंद्र कुमारखंड में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं कक्षा दो के हिमांशु कुमार, दिव्यांशु कुमार, रीता कुमारी, अमृतराज और कृति कुमार को चोटें लगी।
शेड के नीचे दबे बच्चों को ग्रामीणों ने बाहर निकाला
जानकारी के अनुसार विद्यालय में चदरे एवं बांस-बल्ली से निर्मित शेड तले वर्ग एक से आठ तक के बच्चों की पढ़ाई चल रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे शेड गिर पड़ा। शेड के नीचे पढ़ रहे पहली और दूसरी कक्षा के बच्चे दब गए। इस दौरान विद्यालय में अफरा तफरी का माहौल हो गया और चीख पुकार मच गई। स्थानीय राज कुमार, भूषण यादव, रमण चौधरी समेत ग्रामीण पहुंच कर बच्चों को शेड के नीचे दबे बच्चों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी किशोर भाष्कर और डायल 112 पर पुलिस को दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पहुंचे। बीईओ ने विद्यालय के शिक्षक पारस कुमार, राजीव कुमार, सुशील कुमार यादव, मु. रिजवान, पूजा कुमारी, प्रणव कुमार आदि से पूछताछ कर विस्तृत जानकारी ली। प्रभारी प्रधानाध्यापक रमेश कुमार भूषण ने बताया कि मैं आज छुट्टी पर हूं। अन्य दिनों के भांति विद्यालय का संचालन वरीय शिक्षक पारस कुमार द्वारा किया जा रहा था। अचानक शेड गिर गया। शिक्षकों व ग्रामीणों के सहयोग से बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
विद्यालय में नामांकित हैं 314 बच्चे, शेड में हाेती है पढ़ाई
विद्यालय में वर्ग एक से आठवीं तक कुल-314 बच्चे नामांकित हैं। वर्ग कक्ष के लिए सिर्फ दो कमरे हैं। लेकिन दोनों कमरे में सामान आदि रखा हुआ है। दो वर्ष पूर्व वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर बांस-बल्ली पर चदरे का शेड निर्माण कराकर बच्चों का पठन-पाठन किया जा रहा है।
शेड गिरने से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। सभी बच्चे सुरक्षित हैं। विद्यालय में कक्षा संचालन के लिए भवन निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। जल्द ही नए भवन में शिफ्ट कर पठन-पाठन का काम शुरू कराया जाएगा।- किशोर भास्कर, बीईओ, कुमारखंड।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।