Bihar Politics: राहुल गांधी की 'मतदाता अधिकार यात्रा' 21 को पहुंचेगी लखीसराय, तेजस्वी यादव भी रहेंगे साथ
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मतदाता अधिकार यात्रा 21 अगस्त 2025 को लखीसराय से गुजरेगी जिसमें तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे। यात्रा शेखपुरा से शुरू होकर लखीसराय के विभिन्न स्थानों से होते हुए जमालपुर में रात्रि विश्राम करेगी। राजद ने अजय कुमार सिंह को तैयारी समिति का अध्यक्ष बनाया है। यात्रा का उद्देश्य मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मतदाता अधिकार यात्रा 21 अगस्त 2025 को जिले से गुजरेगी। इस दौरान बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व महागठबंधन समन्वय समिति के अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव भी उनके साथ रहेंगे।
यात्रा को लेकर कांग्रेस व राजद ने अपने-अपने स्तर पर तैयारी तेज कर दी है। यात्रा सुबह आठ बजे शेखपुरा के तीन मोहानी दुर्गा मंदिर से निकलेगी। तय रूट के अनुसार यात्रा पटेल चौक से बाएं मुड़कर दाहिने रोड से सिकंदरा की ओर बढ़ेगी तथा चेवाड़ा चौक सिकंदरा पहुंचेगी। यहां से यात्रा बस स्टैंड चौक पर बाएं मुड़कर लखीसराय रोड की ओर जाएगी।
सुबह में पहला पड़ाव रामगढ़ चौक, लखीसराय में होगा। इसके बाद लंच ब्रेक गांधी मैदान, लखीसराय में रखा गया है। शाम चार बजे यात्रा पुन: लखीसराय के बाजार समिति पेट्रोल पंप के पास से निकलेगी। इसके बाद विद्यापीठ चौक, लखीसराय से दाहिने मुड़कर रूट आगे बढ़ेगा। शाम 7:30 बजे यात्रा का रात्रि विश्राम जमालपुर विधानसभा क्षेत्र के हेमजापुर में होगा।
एक दिवसीय यात्रा के बाद मुंगेर हवाई अड्डा मैदान, सफियाबाद में रात्रि विश्राम किया जाएगा। इस यात्रा को लेकर महागठबंधन के कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। कांग्रेस-राजद संयुक्त रूप से जिले में स्वागत, सभा और जनसंपर्क कार्यक्रमों को लेकर सक्रिय हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह तैयार है।
अजय कुमार सिंह को मिली अहम जिम्मेदारी
राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने विधान पार्षद अजय कुमार सिंह को मतदाता अधिकार यात्रा की लखीसराय जिला तैयारी समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया है। उनकी नियुक्ति के साथ ही जिले में तैयारियों की गति और तेज हो गई है।
मंडल ने कहा कि यह ऐतिहासिक और अभूतपूर्व यात्रा 17 अगस्त, 2025 को रोहतास (सासाराम) से शुरू होकर 1 सितंबर, 2025 तक चलेगी। संविधान की रक्षा और मतदाताओं को अधिकार दिलाने के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा में महागठबंधन के सभी घटक दल सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
उन्होंने निर्देश दिया कि अजय कुमार सिंह अपने नेतृत्व में सभी विधायकों, विधान पार्षदों, पूर्व विधायकों, पूर्व विधान पार्षदों, जिला अध्यक्षों, पूर्व प्रत्याशियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रतिदिन तैयारियों की समीक्षा करें।
साथ ही, सभी दलों के जिला अध्यक्षों से चर्चा कर कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करें। यात्रा के दौरान महागठबंधन के सभी वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं सुरक्षित प्रस्थान जिला तैयारी समिति की मुख्य जिम्मेदारी होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।