राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए 13 राज्यों के खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन
संवाद सहयोगी लखीसराय मुख्यालय स्थित खेल भवन में 27 से 31 अगस्त तक आयोजित शतरंज खिलाड़ी रहे

संवाद सहयोगी, लखीसराय : मुख्यालय स्थित खेल भवन में 27 से 31 अगस्त तक आयोजित शतरंज खिलाड़ी रहे स्व. अनिल सिंह मेमोरियल आल इंडिया शतरंज प्रतियोगिता 2022 की तैयारी अंतिम चरण में है। राष्ट्रीय स्तर की फिडे रेटिग प्रतियोगिता में अब तक देश के 13 राज्यों के करीब 200 शतरंज खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। बुधवार को खेल भवन में जिला शतरंज संघ की एक बैठक हुई। बैठक में जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष प्रकाश महतो, जिला शतरंज संघ के संरक्षक राम बहादुर सिंह, संघ के सचिव संजय कुमार जयसवाल, आयोजन सचिव रंजीत कुमार, बिहार शतरंज संघ के संयुक्त सचिव शिवप्रिय भारद्वाज सहित अन्य सदस्यगण मौजूद थे। बैठक में 27 से 31 अगस्त तक होने वाली राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए कई बिदुओं पर चर्चा की गई। इस राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के विजेता को 51,000 रुपये की नगद राशि दी जाएगी। प्रतियोगिता में बिहार राज्य के अलावा देश के दूसरे राज्यों के खिलाड़ी काफी उत्साहित होकर अपना पंजीयन करा रहे हैं। संघ के जिलाध्यक्ष प्रकाश महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय फिडे रेटिग शतरंज प्रतियोगिता में बिहार के अलावा महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और आंध्र प्रदेश राज्य के करीब 200 खिलाड़ी अब तक अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिए हैं। सबसे अधिक बिहार राज्य से खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया है। यह प्रतियोगिता अंतराष्ट्रीय नियंत्रक धर्मेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में संचालित किया जाएगा। इस राष्ट्रीय फिडे प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की प्रत्येक जीत व हार पर उसकी रेटिग तय की जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।