विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीसराय में अब बाईपास के सफर पर भी टोल टैक्स, 1.25 से 8.10 रुपये प्रति किमी तक देनी होगी कीमत

Published: Thu, 26 Nov 2026 03:27 PM (IST)

लखीसराय के बड़हिया-सुरजीचक-रामपुर मार्ग पर व्यावसायिक वाहनों को अब टोल टैक्स देना होगा, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

लखीसराय में अब बाईपास के सफर पर भी टोल टैक्स (AI Generated Image)

लखीसराय में अब बाईपास के सफर पर भी टोल टैक्स (AI Generated Image)

HighLights

  1. बड़हिया-सुरजीचक-रामपुर मार्ग पर व्यावसायिक वाहनों से टोल वसूली

  2. फास्टैग से भुगतान, नियम उल्लंघन पर तीन गुना जुर्माना

  3. निजी वाहनों, दोपहिया, तिपहिया को टोल से छूट

संवाद सहयोगी, लखीसराय। जिले के दियारा क्षेत्र में बनाई गई वैकल्पिक बाईपास सड़क पर सफर अब आसान नहीं होगा। इस मार्ग से होकर गुजरने वाले व्यावसायिक वाहनों को अब टोल टैक्स चुकाना होगा।

बिहार पथ उपयोगकर्ता शुल्क नियमावली 2026 के तहत राज्य मार्गों, प्रमुख जिला मार्गों एवं बड़े पुलों पर टोल टैक्स वसूली की व्यवस्था लागू की गई है।

इसके तहत जिले में फिलहाल बड़हिया कृष्ण चौक से खुटहा, मुड़वड़िया चौक, मोहनपुर, सुरजीचक होते हुए रामपुर तक जाने वाले सड़क मार्ग पर टोल टैक्स वसूली का निर्णय लिया गया है।

इस मार्ग पर दो स्थानों पर टोल गेट का निर्माण कराया जा रहा है। टोल टैक्स लागू होने से इस मार्ग का उपयोग करने वाले व्यावसायिक वाहन संचालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। इसका असर माल ढुलाई और यात्री परिवहन की लागत पर भी पड़ सकता है।

जिले में दो राजकीय पथ और एक मुख्य जिला मार्ग है। विद्यापीठ चौक से जमुई मोड़ होते हुए घोंगसा से आगे जाने वाली राजकीय पथ संख्या आठ तथा समाहरणालय से जमुई जाने वाली राजकीय पथ संख्या 18 है।

इसके अलावा बड़हिया कृष्णा चौक से खुटहा, मुड़वड़िया चौक, मोहनपुर एवं सुरजीचक होते हुए रामपुर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाला मुख्य जिला मार्ग है।

फिलहाल इसी मार्ग पर टोल टैक्स वसूली की व्यवस्था की गई है। इसके लिए सुरजीचक से आगे हरूहर नदी पर बने पुल के उस पार तथा रामचंद्रपुर और रामनगर तीनबटिया के बीच टोल गेट का निर्माण कराया जा रहा है।

फास्टैग से होगी वसूली, नियम उल्लंघन पर तीन गुना जुर्माना

टोल टैक्स का भुगतान मुख्य रूप से फास्टैग एवं अन्य इलेक्ट्रानिक माध्यमों से किया जाएगा। निर्धारित शुल्क का भुगतान नहीं करने अथवा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों से तीन गुना जुर्माना वसूलने का प्रविधान किया गया है। हालांकि, निजी और छोटे वाहनों को इस शुल्क से मुक्त रखा गया है।

सफेद नंबर प्लेट वाली निजी कार, जीप, वैन, दोपहिया एवं तिपहिया वाहन, ट्रैक्टर, कंबाइन हार्वेस्टर तथा पशु चालित वाहनों से टोल टैक्स की वसूली नहीं होगी।

वाहनों की श्रेणी के अनुसार निर्धारित दर

नियमावली के तहत कार, जीप, वैन एवं हल्के व्यावसायिक वाहनों से 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर, मिनी बस एवं छोटे मालवाहक वाहनों से दो रुपये प्रति किलोमीटर तथा दो धुरी वाले बस एवं ट्रक से 4.25 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से शुल्क निर्धारित किया गया है।

वहीं, तीन धुरी वाले व्यावसायिक वाहनों से 4.60 रुपये प्रति किलोमीटर और छह एवं सात धुरी वाले भारी वाहनों से 8.10 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से टोल टैक्स वसूलने का प्रविधान है।

इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि टोल टैक्स के निर्धारण एवं वसूली शुरू करने से संबंधित विभागीय पत्र अभी प्राप्त नहीं हुआ है। पत्र प्राप्त होने के बाद ही टोल टैक्स की वसूली शुरू की जाएगी।

यह भी पढ़ें- कटिहार से गुजरने वाले 4 स्टेट हाईवे पर लग सकता है टोल टैक्स, मुख्यालय के लेटर से ट्रांसपोर्टरों में खलबली

यह भी पढ़ें- भागलपुर-बांका स्टेट हाइवे-25 पर अब लगेगा टोल टैक्स; लेक‍िन निजी कार को बड़ी राहत, समुखिया मोड़ पर बनेगा प्लाजा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।