भागलपुर-बांका स्टेट हाइवे-25 पर अब लगेगा टोल टैक्स; लेकिन निजी कार को बड़ी राहत, समुखिया मोड़ पर बनेगा प्लाजा
Bhagalpur Banka State Highway भागलपुर-बांका स्टेट हाइवे-25 पर वाहनों के लिए 2026-27 की टोल टैक्स दरें तय की गई हैं, जिसकी वसूली समुखिया मोड़ पर बने टोल प्लाजा से होगी। निजी कारों और दोपहिया वाहनों को टोल से छूट मिली है, जबकि वाणिज्यिक वाहनों को शुल्क देना होगा और दरों में वार्षिक संशोधन होगा।

Bhagalpur Banka State Highway गलपुर-बांका स्टेट हाइवे-25 पर सफर हुआ महंगा। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
भागलपुर-बांका SH-25 पर टोल टैक्स लागू।
निजी कार, जीप, वैन को टोल से छूट।
समुखिया मोड़ पर टोल प्लाजा बनेगा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Banka State Highway : भागलपुर से बांका के बीच आवागमन करने वाले वाहन चालकों को अब अपनी जेब ढीली करनी होगी। पथ निर्माण विभाग ने भागलपुर-बांका स्टेट हाइवे-25 (SH-25) पर चलने वाले वाहनों के लिए वर्ष 2026-27 की टोल टैक्स दरें तय करते हुए अधिसूचना जारी कर दी है।
विभाग की ओर से विभिन्न श्रेणी के वाहनों के लिए प्रति किलोमीटर आधार दर निर्धारित की गई है। टोल टैक्स की वसूली बांका जिले में समुखिया मोड़ के पास बनाए जाने वाले टोल प्लाजा से होगी। इसके लिए बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) को अपने अधिकारियों या ठेकेदार के माध्यम से शुल्क वसूलने के लिए अधिकृत किया गया है।
44 KM सड़क के साथ कॉजवे की 10 गुना लंबाई पर लगेगा 60 प्रतिशत शुल्क
विभाग की अधिसूचना के अनुसार, भागलपुर-बांका स्टेट हाइवे की कुल लंबाई 44.30 किलोमीटर है। इसमें 60 मीटर से अधिक लंबी संरचना को छोड़कर 44.168 किलोमीटर सड़क पर टोल टैक्स लागू होगा। इसके अतिरिक्त, सड़क पर बने 132.5 मीटर लंबे कॉजवे को भी टोल की गणना में शामिल किया गया है।
इसकी वास्तविक लंबाई 0.132 किलोमीटर है, लेकिन नियमों के तहत इसे 10 गुना मानकर 1.32 किलोमीटर सड़क के बराबर गिना गया है। सड़क और कॉजवे दोनों के लिए निर्धारित प्रति किलोमीटर आधार दर का 60 प्रतिशत शुल्क वाहनों से लिया जाएगा।
निजी कार, जीप व वैकल्पिक मार्ग वाले दोपहिया वाहनों को मिली छूट
वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर यह है कि नियमों के अनुसार निजी इस्तेमाल के लिए पंजीकृत कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों को टोल टैक्स से पूरी तरह छूट दी गई है। इसके अलावा, जहां सर्विस रोड या वैकल्पिक सड़क उपलब्ध होगी, वहां उसका उपयोग करने वाले दोपहिया वाहनों को भी टोल टैक्स नहीं देना होगा। यह शुल्क मुख्य रूप से वाणिज्यिक और मालवाहक वाहनों पर लागू होगा।
बार-बार आने-जाने वालों के लिए पास की सुविधा, हर साल संशोधित होंगी दरें
इस मार्ग से नियमित या बार-बार यात्रा करने वाले लोगों के लिए पास की विशेष व्यवस्था की गई है। एक बार टोल भुगतान करने के बाद 24 घंटे के भीतर दो एकतरफा यात्राओं (आने-जाने) के लिए सामान्य एकतरफा शुल्क का डेढ़ गुना भुगतान करना होगा। वहीं, नियमित यात्रियों के लिए 50 एकतरफा यात्राओं का पास भी बनवाया जा सकेगा, जिसके लिए 50 सामान्य यात्राओं के कुल शुल्क का दो-तिहाई भुगतान करना होगा।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित क्षमता से अधिक वजन (ओवरलोड) लेकर चलने वाले वाहनों से उनकी संबंधित श्रेणी के प्रवेश शुल्क के बराबर शुल्क वसूला जाएगा। टोल टैक्स की दरों में प्रतिवर्ष संशोधन किया जाएगा और वाहन चालकों की सुविधा के लिए टोल प्लाजा पर शुल्क सूची प्रदर्शित की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।