विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटिहार से गुजरने वाले 4 स्टेट हाईवे पर लग सकता है टोल टैक्स, मुख्यालय के लेटर से ट्रांसपोर्टरों में खलबली

Published: Thu, 26 Nov 2026 09:05 AM (IST)

कटिहार जिले से गुजरने वाले स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स लगने की संभावना है, जिसके लिए राज्य मुख्यालय ने परिवहन विभाग से मंतव्य मांगा है।

कटिहार से गुजरने वाले 4 स्टेट हाईवे पर लग सकता है टोल टैक्स (AI Generated Image)

कटिहार से गुजरने वाले 4 स्टेट हाईवे पर लग सकता है टोल टैक्स (AI Generated Image)

HighLights

  1. कटिहार स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स की संभावना।

  2. राज्य मुख्यालय ने परिवहन विभाग से मंतव्य मांगा।

  3. व्यावसायिक वाहनों और स्थानीय बाजार पर असर।

संवाद सहयोगी, कटिहार। कटिहार जिले से गुजरने वाले स्टेट हाईवे पर भी टोल टैक्स लग सकता है। राज्य मुख्यालय ने इसे लेकर परिवहन विभाग से मंतव्य मांगा है।

बताया जाता है कि पूछा गया है कि क्या व्यवस्था को लागू करने के लिए कटिहार में ऐसी उपलब्ध जगहें हैं। टोल वसूली की संभावनाओं को लेकर सड़क व पुल मार्गों को चिह्नित कर सूचित किया जाए।

हालांकि, इसे लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। विभागीय सूत्रों के अनुसार, परिवहन विभाग ऐसे स्थलों व सड़क मार्ग की पहचान करने की कवायद में जुट गया है।

कटिहार से गुजरते हैं चार स्टेट हाईवे

जिले से चार स्टेट हाईवे गुजरते हैं। इनमें एसएच-98 कटिहार-बलरामपुर मार्ग की जिले में लंबाई करीब 63 किलोमीटर है। वहीं, एसएच-77 कुरसेला-पोठिया-फारबिसगंज मार्ग करीब 105 किलोमीटर लंबा है, जो पूर्णिया और अररिया जिले से भी होकर गुजरता है।

इसके अलावा एसएच-65 चांदपुर-पूर्णिया तथा एसएच-62 पूर्णिया-कटिहार मार्ग भी जिले के सड़क नेटवर्क का हिस्सा हैं। एसएच-62 की कटिहार जिले में लंबाई करीब 20 किलोमीटर बताई जाती है।

व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पर नजर

बंगाल और झारखंड की सीमा से सटे होने के कारण कटिहार से बड़ी संख्या में व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही होती है। खासकर बलरामपुर और प्राणपुर होकर बंगाल जाने वाले भारी वाहनों की संख्या काफी है।

ऐसे में यदि स्टेट हाईवे पर टोल वसूली की व्यवस्था लागू होती है तो इसका असर मालवाहक वाहनों के परिचालन खर्च पर पड़ सकता है। इसका प्रभाव अंततः माल ढुलाई और स्थानीय बाजार पर भी देखने को मिल सकता है।

फिलहाल, लोगों की नजर इस बात पर है कि टोल वसूली के लिए किन सड़कों और पुलों का चयन किया जाता है तथा इसकी प्रक्रिया कब तक पूरी होती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।