लखीसराय में बालू किल्लत से मिलेगी राहत, आज से घाटों पर खनन की अनुमति, बाजार में बढ़ेगी उपलब्धता
लखीसराय में चार महीने की पाबंदी के बाद 16 अक्टूबर से पांच बालू घाटों पर खनन शुरू हो गया है, जिससे जिले में बालू की किल्लत दूर होगी।

एआई द्वारा जनरेट की गई सांकेतिक तस्वीर है।
HighLights
लखीसराय में 16 अक्टूबर से बालू खनन फिर शुरू।
पांच प्रमुख बालू घाटों से उठाव की मिली अनुमति।
अवैध खनन रोकने को धर्मकांटा पर्ची हुई अनिवार्य।
संवाद सहयोगी, लखीसराय। मानसून सीजन में चार महीनों की लंबी पाबंदी के बाद लखीसराय जिले में एक बार फिर से पीला बालू घाटों से खनन और उठाव का कार्य 16 अक्टूबर से आधिकारिक रूप से प्रारंभ हो गया है।
जिले के पांच प्रमुख बालू घाटों से बालू का उठाव शुरू होने से जिलेवासियों को निर्माण कार्यों के लिए बालू की किल्लत से बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, पिछले चार महीनों से खनन ठप रहने के कारण घाटों से मुख्य सड़कों को जोड़ने वाले एप्रोच रोड पूरी तरह जर्जर और बंद हो चुके थे।
इसे देखते हुए संवेदकों द्वारा युद्धस्तर पर नए सिरे से एप्रोच रोड बनाए जा रहे हैं ताकि बालू लदे भारी वाहन सुगमतापूर्वक मुख्य पथ तक पहुंच सकें। खनन कार्य शुरू कराने से पहले खनन विभाग द्वारा पारदर्शिता और नियमों की अनदेखी रोकने के उद्देश्य से सभी निर्धारित बालू घाटों का गहन ड्रोन सर्वे कराया गया है। इसके साथ ही बंदोबस्तधारियों को खनन नियमावली और शर्तों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
जिले के इन पांच बालू घाटों पर खनन की मिली अनुमति
खनन विभाग के अनुसार, वर्तमान में जिले के निम्नलिखित पांच संचालित बालू घाटों के बंदोबस्तधारियों को खनन और उठाव की अनुमति दी गई है।
ब्लॉक-1: गुरडीह हसनपुर
ब्लॉक-3 और ब्लॉक-4: झिनोरा
ब्लॉक-6: शरमा
ब्लॉक-7: नगरदार
ब्लॉक-10: रामपुर
हालांकि, आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा 16 से 23 अक्टूबर तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाए जाने के कारण संवेदकों को शुरुआत में परिवहन और व्यावसायिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।
2. सात बालू घाटों की नए सिरे से होगी नीलामी
लखीसराय जिले में कुल 11 चिह्नित बालू घाट हैं। खनन निरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि इनमें से 5 घाट संचालित हो चुके हैं, जबकि शेष 7 घाटों की नीलामी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से चल रही है। ब्लॉक-8 (नगरदार) और ब्लॉक-12 (बट्टा) बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वहीं, शेष चार घाटों— ब्लॉक-2 (महिसोना), ब्लॉक-5 (झिनोरा), ब्लॉक-9 (नोनगढ़) और ब्लॉक-11 (बट्टा) की नीलामी प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
लखीसराय के बालू घाटों की वर्तमान स्थिति:
| ब्लॉक संख्या | बालू घाट का नाम | वर्तमान स्थिति |
| ब्लॉक 1 | गुरडीह हसनपुर | संचालित (खनन जारी) |
| ब्लॉक 3 व 4 | झिनोरा | संचालित (खनन जारी) |
| ब्लॉक 6 | शरमा | संचालित (खनन जारी) |
| ब्लॉक 7 | नगरदार | संचालित (खनन जारी) |
| ब्लॉक 10 | रामपुर | संचालित (खनन जारी) |
| ब्लॉक 8 व 12 | नगरदार व बट्टा | नीलामी प्रक्रिया पूरी |
| ब्लॉक 2, 5, 9, 11 | महिसोना, झिनोरा, नोनगढ़, बट्टा | नीलामी प्रक्रियाधीन |
चालान के लिए धर्मकांटा पर्ची अनिवार्य
बालू के अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर नकेल कसने के लिए विभाग ने बेहद सख्त नियम लागू किया है। अब घाटों से बालू लोड कर निकलने वाले प्रत्येक वाहन का चालान (e-Challan) निर्गत करते समय धर्मकांटा की वजन पर्ची संलग्न करना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना वजन पर्ची के चालान जारी करने पर संवेदकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- लखीसराय में बालू उठाव से बने गड्ढे में डूबने से 10वीं के छात्र केशव की मौत; पूजा की छुट्टी में बेगूसराय से आया था घर
"विभागीय निर्देशानुसार जिले में संचालित पांचों बालू घाटों पर खनन और उठाव की अनुमति दे दी गई है। सभी बंदोबस्तधारियों को विभागीय शर्तों और नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। बालू परिवहन वाहन का चालान निर्गत करते समय धर्मकांटा पर्ची संलग्न करना अनिवार्य है।"
