लखीसराय में जनरल स्टोर की आड़ में नशे का धंधा, 1.50 KG गांजे के साथ दुकानदार गिरफ्तार
हलसी पुलिस ने प्रेमडीहा गांव में एक जनरल स्टोर पर छापा मारकर 1 किलो 50 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जनरेट की गई सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
हलसी पुलिस ने प्रेमडीहा गांव के जनरल स्टोर पर की छापेमारी।
दुकान से 1 किलो 50 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया।
गांजा बेचने वाले दुकानदार इसराफिल खान को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
संवाद सूत्र,हलसी (लखीसराय)। हलसी थाना क्षेत्र के प्रेमडीहा गांव में रविवार की रात पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक जनरल स्टोर में अचानक छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ (गांजा) बरामद किया है।
पुलिस ने मौके से दुकान में रखे एक किलो 50 ग्राम गांजे की खेप को जब्त करते हुए दुकान संचालक को धर दबोचा। गिरफ्तार दुकानदार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हलसी थाना क्षेत्र के प्रेमडीहा गांव निवासी कारू खान उर्फ इसराफिल खान के रूप में हुई है। वह अपने ही गांव में किराना व जनरल स्टोर की आड़ में अवैध रूप से गांजे की बिक्री कर रहा था।
गुप्त सूचना पर एसआई अमित कुमार ने की कार्रवाई
हलसी थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रेमडीहा गांव में इसराफिल खान अपनी जनरल स्टोर की दुकान में अवैध रूप से गांजा रखकर बेचने का काला कारोबार कर रहा है।
सूचना के सत्यापन के तुरंत बाद थानाध्यक्ष के निर्देश पर एसआइ अमित कुमार ने पुलिस बल के साथ उक्त जनरल स्टोर में ताबड़तोड़ छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से एक किलो 50 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
प्राथमिकी दर्ज कर भेजा गया न्यायिक हिरासत में
छापेमारी के बाद पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त करते हुए दुकान संचालक कारू खान उर्फ इसराफिल खान को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एसआइ अमित कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर हलसी थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
