लखीसराय के पूर्व मुखिया हत्याकांड का मुख्य आरोपित बेगूसराय से गिरफ्तार, एसटीएफ की कार्रवाई
लखीसराय के पूर्व मुखिया सुरेश कुमार वर्मा हत्याकांड के मुख्य आरोपी दिलखुश कुमार को हलसी पुलिस और एसटीएफ ने बेगूसराय से गिरफ्तार किया है।

मुख्य आरोपी दिलखुश कुमार बेगूसराय से गिरफ्तार।
HighLights
पूर्व मुखिया सुरेश वर्मा हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
हलसी पुलिस और एसटीएफ ने बेगूसराय से दबोचा।
गिरिडीह पुलिस ने रिमांड प्रक्रिया शुरू की।
संवाद सूत्र, हलसी (लखीसराय)। गेरुआपुरसण्डा पंचायत के चर्चित पूर्व मुखिया सुरेश कुमार वर्मा हत्याकांड में नामजद मुख्य आरोपित दिलखुश कुमार को हलसी पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बेगूसराय से गिरफ्तार कर लिया है।
उसके साथ ही एक महिला के साथ मारपीट के मामले में नामजद आरोपित बहरावां निवासी गुलशन कुमार को भी दबोचा गया है। झारखंड के गिरिडीह जिले में पूर्व मुखिया को नदी के पानी में डुबोकर हत्या किए जाने के इस सनसनीखेज मामले में गिरफ्तारी के बाद अब जांच और कानूनी कार्रवाई ने तेजी पकड़ ली है।
हलसी थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपितों ने पिछले वर्ष 21 जुलाई 2025 को गांव की रहने वाली सुनीता देवी के घर पर चढ़कर उनके साथ मारपीट की थी, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई थीं। इस घटना के बाद से ही दोनों फरार चल रहे थे और पुलिस इनकी तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दिलखुश कुमार पर अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ मिलकर गेरुआपुरसण्डा पंचायत के पूर्व मुखिया सुरेश कुमार वर्मा की झारखंड के गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र स्थित नदी में पानी में डुबोकर निर्मम हत्या करने का गंभीर आरोप है।
बेगूसराय के सिंघौल में छुपे होने की मिली थी गुप्त सूचना
थानाध्यक्ष ने बताया कि मुख्य आरोपित दिलखुश कुमार के बेगूसराय जिले के सिंघौल थाना क्षेत्र में छिपे होने की पुख्ता सूचना एसटीएफ को मिली थी। इस इनपुट के आधार पर हलसी थाना पुलिस और एसटीएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर दोनों बदमाशों को धर दबोचा।
गिरिडीह पुलिस ने शुरू की रिमांड पर लेने की प्रक्रिया
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड के गिरिडीह जिले के हीरोडीह थानाध्यक्ष महेश चंद्रा तुरंत हलसी थाना पहुँचे। उन्होंने पूर्व मुखिया हत्याकांड के संदर्भ में नामजद आरोपित दिलखुश कुमार का स्वीकारोक्ति बयान दर्ज किया और उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत रिमांड पर लेने की कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस गिरफ्तारी से पुलिस को हत्याकांड से जुड़े अन्य राज खुलने की पूरी उम्मीद है।
