लखीसराय की जीविका दीदियां बनेंगी 'बिजनेस वुमन', गांव में ही मिलेंगी पक्की दुकानें; 70 लाख रुपये होंगे खर्च
लखीसराय के चार प्रखंडों में ग्रामीण हाट का निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए स्थायी ठिकाना मिलेगा।

जीविका दीदियों को मिलेंगी 200 दुकानें (AI Generated Image)
HighLights
चार प्रखंडों में ग्रामीण हाट का निर्माण कार्य शुरू।
जीविका दीदियों को मिलेंगी कुल 200 दुकानें बिक्री हेतु।
प्रत्येक हाट पर 10 लाख रुपये का खर्च आएगा।
संवाद सहयोगी, लखीसराय। ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए अब दूरदराज के बाजारों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। गांव में ही कारोबार के लिए स्थायी ठिकाना उपलब्ध कराने की पहल शुरू हो गई है।
विकसित भारत-जीरामजी योजना के तहत जिले के चार प्रखंडों में ग्रामीण हाट का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रत्येक हाट में 50 दुकानों के लिए चबूतरे और बिक्री स्थल बनाए जाएंगे।
इस तरह चारों हाट में कुल 200 दुकानों के माध्यम से ग्रामीण बाजार को नई पहचान मिलेगी। इन दुकानों का आवंटन स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी जीविका दीदियों को किया जाएगा।
योजना के तहत जिले के सभी सात प्रखंडों में कम से कम एक ग्रामीण हाट विकसित किया जाना है। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर कारोबार का अवसर देकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इससे जीविका दीदियां अपने उत्पादों की बिक्री कर सकेंगी।
वहीं, ग्रामीणों को किराना, सब्जी, फल और दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुओं की खरीदारी के लिए दूर के बाजारों में नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के अवसर भी बढ़ेंगे।
जानकीडीह, बुधौली बनकर, गंगासराय और रामचंद्रपुर में काम शुरू
जिले के चानन प्रखंड के जानकीडीह, सूर्यगढ़ा प्रखंड की बुधौली बनकर पंचायत के सिमरातरी, बड़हिया प्रखंड की गंगासराय पंचायत के लोहरा और पिपरिया प्रखंड के रामचंद्रपुर में ग्रामीण हाट का निर्माण शुरू हो गया है। इन चारों स्थलों का चयन कर प्राक्कलन तैयार करने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।
वहीं, रामगढ़ चौक प्रखंड के नोनगढ़ में ग्रामीण हाट के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। लखीसराय और हलसी प्रखंड में स्थल चयन की प्रक्रिया जारी है। सभी सात प्रखंडों में निर्माण पूरा होने पर कुल 350 दुकानों के लिए जगह उपलब्ध होगी।
प्रत्येक हाट के निर्माण पर खर्च होंगे 10 लाख रुपये
जिला प्रशासन के अनुसार, प्रत्येक ग्रामीण हाट के निर्माण पर 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। दुकानों के लिए बनाए जाने वाले प्लेटफॉर्म पर क्रम संख्या के साथ संबंधित दुकान में बिकने वाली सामग्री का नाम भी अंकित रहेगा। इससे दुकानों की पहचान आसान होगी और ग्राहकों को जरूरत का सामान खरीदने में सुविधा मिलेगी।
शौचालय-स्नानघर के साथ जैविक खाद बनाने की व्यवस्था
ग्रामीण हाट परिसर में दुकानदारों और ग्राहकों की सुविधा के लिए शौचालय एवं स्नानघर का निर्माण कराया जाएगा। बाजार से निकलने वाले जैविक कचरे के प्रबंधन के लिए नाडेप टैंक भी बनाया जाएगा।
इसमें जैविक कचरे से खाद तैयार की जाएगी। इससे बाजार परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने के साथ कचरे का उपयोग भी संभव हो सकेगा।
चयनित चार स्थलों पर ग्रामीण हाट का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक चारों हाट का निर्माण पूरा कराने की योजना है। एक अन्य प्रखंड में भी भूमि का चयन कर लिया गया है। शेष दो प्रखंडों में भूमि चयन की प्रक्रिया जारी है। - सुमित कुमार, उप विकास आयुक्त, लखीसराय
यह भी पढ़ें- बेटियों की शादी की टेंशन खत्म: लखीसराय की 9 पंचायतों में बनेंगे 50-50 लाख के विवाह मंडप, जीविका को मिलेगी कमान
यह भी पढ़ें- नालंदा की जीविका दीदियों ने उम्र को दी मात, घर संभालने के साथ मैट्रिक परीक्षा में किया कमाल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।