विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेटियों की शादी की टेंशन खत्म: लखीसराय की 9 पंचायतों में बनेंगे 50-50 लाख के विवाह मंडप, जीविका को मिलेगी कमान

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:14 AM (IST)

लखीसराय जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत 9 पंचायतों में निर्माण की तैयारी पूरी हो गई है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी कम खर्च में सम्मानजनक माहौल में हो सकेगी।

लखीसराय की 9 पंचायतों में बनेंगे 50-50 लाख के विवाह मंडप (AI Generated Image)

लखीसराय की 9 पंचायतों में बनेंगे 50-50 लाख के विवाह मंडप (AI Generated Image)

HighLights

  1. 9 पंचायतों में कन्या विवाह मंडप निर्माण की तैयारी पूरी।

  2. प्रत्येक मंडप पर 50 लाख रुपये होंगे खर्च।

  3. जीविका करेगा संचालन, बेटियों की शादी को प्राथमिकता।

सुमन कुमार सुमन, लखीसराय। ग्रामीण क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी अब कम खर्च में सम्मानजनक माहौल में कराने की दिशा में पहल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत जिले की नौ पंचायतों में विवाह मंडप निर्माण की तैयारी पूरी कर ली गई है।

इन पंचायतों में स्थल का चयन कर प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है। फिलहाल प्रशासनिक स्वीकृति मिलने की प्रक्रिया जारी है। स्वीकृति मिलते ही संबंधित पंचायतों में निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

योजना के तहत प्रत्येक पंचायत के राजस्व ग्राम में 13,200 वर्ग फीट जमीन पर कन्या विवाह मंडप का निर्माण किया जाना है। प्रत्येक मंडप पर 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों की शादी के लिए कम खर्च में बेहतर और सम्मानजनक सुविधा उपलब्ध कराना है।

विवाह आयोजन के अलावा सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सरकारी कार्यक्रमों के लिए भी इन भवनों का उपयोग किया जा सकेगा। हालांकि, मंडप के उपयोग में बेटियों की शादी को प्राथमिकता दी जाएगी।

जिले की 13 अन्य पंचायतों में भी निर्माण के लिए स्थल चिह्नित कर लिया गया है। इन स्थलों के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) मिलने का इंतजार है। एनओसी मिलने के बाद प्राक्कलन तैयार किया जाएगा। कुछ पंचायतों में निर्धारित क्षेत्रफल से कम जमीन उपलब्ध होने के कारण एनओसी मिलने में परेशानी हो रही है।

इन पंचायतों में तैयार है प्राक्कलन

बड़हिया प्रखंड की एजनीघाट पंचायत के निजामपुर, डुमरी पंचायत के डुमरी, गंगासराय पंचायत के गंगासराय एवं लक्ष्मीपुर पंचायत के लक्ष्मीपुर में स्थल का चयन कर प्राक्कलन तैयार किया गया है।

हलसी प्रखंड की धीरा पंचायत के धीरा एवं भनपुरा पंचायत के भनपुरा टेकही टोला, सूर्यगढ़ा प्रखंड की चंदनपुरा पंचायत के चंदनपुरा एवं चौरा राजपुर पंचायत के तुमनी तथा पिपरिया प्रखंड की वलीपुर पंचायत के वलीपुर में भी निर्माण की तैयारी पूरी कर ली गई है।

13 पंचायतों में एनओसी का इंतजार

चानन प्रखंड की महेशलेटा पंचायत के सिंगारपुर, मलिया पंचायत के मलिया, खुटुकपार पंचायत के मोहनकुंडी, कुंदर पंचायत के गोपालपुर एवं इटौन पंचायत के नगरदार में स्थल चिह्नित किया गया है।

इसी तरह, बड़हिया प्रखंड की पाली पंचायत के वीरूपुर, रामगढ़ चौक प्रखंड की नोनगढ़ पंचायत के नोनगढ़, सुरारी इमामनगर पंचायत के बड़हरा एवं गेरुआ पुरसंडा पंचायत के बहरावां, लखीसराय प्रखंड की दामोदरपुर पंचायत के खड़गवाड़ा एवं साबिकपुर पंचायत के साबिकपुर तथा सूर्यगढ़ा प्रखंड की मदनपुर पंचायत के महसौनी एवं कवादपुर पंचायत के कवादपुर में एनओसी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जीविका के जिम्मे होगा संचालन

कन्या विवाह मंडप का संचालन जीविका के माध्यम से कराया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर पर निर्धारित शुल्क लेकर जरूरतमंद परिवारों को मंडप उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी देखभाल एवं मरम्मत की जिम्मेदारी भी जीविका की होगी।

मंडप में रसोईघर के साथ पुरुषों एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय और स्नानघर बनाए जाएंगे। इसके अलावा अन्य बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिले की नौ पंचायतों में कन्या विवाह मंडप निर्माण के लिए स्थल का चयन कर प्राक्कलन तैयार करा लिया गया है। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। - पम्मी रानी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, लखीसराय

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।