लखीसराय पशु अस्पताल की बदहाली, 99% दवाएं खत्म, बंद कमरे में कचरे के बीच मिली दवाएं, डॉक्टर भी नदारद
सूर्यगढ़ा पशु अस्पताल बदहाली का शिकार है, जहां डॉक्टर अनुपस्थित, स्टाफ की कमी और 99% दवाएं खत्म होने का दावा किया जा रहा है। बंद कमरे में कचरे के बीच दवाएं मिलने और एक पशु एंबुलेंस होने से पशुपालकों को भारी परेशानी हो रही है, जिससे सरकारी दावों पर सवाल उठ रहे हैं।

सूर्यगढ़ा पशु अस्पताल में व्यवस्था व दवाओं की स्थिति
HighLights
प्रभारी चिकित्सक अनुपस्थित, स्टाफ की भारी कमी।
99% दवाएं समाप्त, कचरे में मिलीं दवाएं।
हजारों पशुपालकों के लिए केवल एक एंबुलेंस।
अनुराग आनंद, सूर्यगढ़ा (लखीसराय)। पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के सरकारी दावों की जमीनी हकीकत सूर्यगढ़ा पशु अस्पताल में बिल्कुल अलग नजर आई। यहां पशुओं के इलाज की जिम्मेदारी संभालने वाली व्यवस्था खुद बदहाली से जूझ रही है।
चिकित्सक की अनुपस्थिति, जरूरी स्वास्थ्यकर्मियों की कमी, दवाओं का लगभग 99 प्रतिशत स्टॉक समाप्त होने का दावा और बंद कमरे में कचरे के बीच पड़ी दवाएं—शनिवार को दैनिक जागरण की पड़ताल में एक के बाद एक ऐसी तस्वीरें सामने आईं, जिन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
प्रतिमाह 500 से 600 पशुओं के उपचार का दावा करने वाले इस अस्पताल में डॉक्टर और जरूरी चिकित्सकीय कर्मियों की उपलब्धता ही सवालों के घेरे में है। एक ओर अस्पताल में दवाओं की भारी कमी बताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर परिसर के एक बंद कमरे में दवाएं कचरे के बीच पड़ी मिलीं।
12:08 बजे तक नदारद मिले प्रभारी चिकित्सक, रजिस्टर में सात पशुओं का ब्योरा
शनिवार को दोपहर 12:08 बजे तक अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार अपनी ड्यूटी के निर्धारित स्थल पर मौजूद नहीं मिले। अस्पताल में उपस्थित कर्मियों ने बताया कि वे मेदनी चौकी स्थित पशु अस्पताल में ड्यूटी कर रहे हैं। इस दौरान अस्पताल के उपचार रजिस्टर में सुबह 11:47 बजे तक सात पशुओं के इलाज का विवरण दर्ज मिला।
डॉक्टर, ड्रेसर, कंपाउंडर और फार्मासिस्ट की कमी
अस्पताल में निरीक्षण के दौरान मो. यासीन गार्ड के पद पर कार्यरत मिले, लेकिन वे निर्धारित वर्दी में नहीं थे। कार्यालय परिचारी सुमित कुमार उपस्थित थे, जबकि दूसरे परिचारी विवेक कुमार अनुपस्थित मिले।
अस्पताल में ड्रेसर, कंपाउंडर और फार्मासिस्ट जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी पर्याप्त कर्मियों की उपलब्धता नहीं है। ऐसे में पशुओं की जांच, उपचार और दवा वितरण की जिम्मेदारी किस तरह निभाई जा रही है, यह बड़ा सवाल है। प्रशिक्षित कर्मियों की कमी से सेवा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
99 प्रतिशत दवाओं का स्टॉक समाप्त, कचरे के बीच मिलीं दवाएं
अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता की स्थिति भी चिंताजनक पाई गई। प्रभारी चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार के अनुसार, वर्तमान में लगभग 99 प्रतिशत दवाओं का स्टॉक समाप्त हो चुका है। भूख न लगने, डायरिया, घाव और अन्य सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए भी पर्याप्त दवाएं उपलब्ध नहीं हैं।
बकरियों में पीपीआर (PPR) जैसी संक्रामक बीमारी की आशंका के बीच दवाओं की कमी पशुपालकों की चिंता बढ़ा रही है। डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि दवाओं की कमी से विभाग को करीब तीन बार पत्र के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक पर्याप्त आपूर्ति नहीं हुई है।
वहीं, पड़ताल के दौरान अस्पताल परिसर के एक बंद कमरे में कचरे के ढेर के बीच दवाएं पड़ी मिलीं। यह स्थिति दवाओं के रखरखाव और भंडारण व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, खासकर तब जब लगभग 99 प्रतिशत दवाओं का स्टॉक खत्म होने का दावा किया जा रहा है।
स्लाइन की बोतलों पर एमआरपी अंकित, रिकॉर्ड की जांच जरूरी
पड़ताल में सामान्य दवाओं की कमी के बीच अस्पताल में स्लाइन की पर्याप्त मात्रा भी उपलब्ध मिली, जिनकी बोतलों पर अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) अंकित था। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सक ने बताया कि जिस कंपनी से दवाएं आती हैं, उसका बिल सरकार के माध्यम से होता है।
ऐसे में स्लाइन सहित अन्य दवाओं की खरीद, आपूर्ति और भंडारण से जुड़े अभिलेखों की जांच जरूरी है। केवल बोतलों पर एमआरपी अंकित होने से किसी अनियमितता का सीधा निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता, लेकिन स्टॉक और आपूर्ति का रिकॉर्ड स्पष्ट होना चाहिए।
हजारों पशुपालकों की निर्भरता, महज एक पशु एंबुलेंस
सूर्यगढ़ा प्रखंड के अलावा सीमावर्ती बेगूसराय जिले की तीन पंचायतों के पशुपालक भी उपचार के लिए इसी अस्पताल पर निर्भर हैं। इतने बड़े क्षेत्र में पशुओं की चिकित्सा जरूरतों को पूरा करने के लिए महज एक पशु एंबुलेंस उपलब्ध है।
अस्पताल में कार्यरत डॉ. नवीन कुमार क्षेत्र भ्रमण और एंबुलेंस ड्यूटी में लगे रहते हैं। ऐसे में अस्पताल में नियमित चिकित्सकीय सेवा उपलब्ध कराने की चुनौती और बढ़ जाती है, जिससे ग्रामीण पशुपालकों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।
यह भी पढ़ें- मुंगेर के धरहरा में पांच साल से जलजमाव, सिर्फ आश्वासन मिलने का आरोप, शादी-ब्याह से लेकर बीमारी तक बनी मुसीबत
यह भी पढ़ें- मुंगेर: बीस सूत्री की बैठक में बीएओ के आवास भत्ते से लेकर जीविका ऋण व आवास के नाम पर वसूली तक उठे कई सवाल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।