Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Voter Adhikar Yatra: राहुल गांधी ने बिहार में फिर बोला हमला; BJP और चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार में बदलाव की बात कही। उन्होंने भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस गरीबों के अधिकारों की रक्षा करेगी। तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर एसआईआर से लोगों के नाम काटने का आरोप लगाया और नए बिल को लोकतंत्र पर हमला बताया। वोटर अधिकार यात्रा सरकार बदलने की मुहिम बनेगी।

    By Mritunjai Mishra Edited By: Piyush Pandey Updated: Fri, 22 Aug 2025 07:52 AM (IST)
    Hero Image
    विपक्ष के नेताओं ने बीजेपी पर बोला हमला। (जागरण)

    जागरण टीम, जमुई/लखीसराय/मुंगेर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तय समय पर गुरुवार को लखीसराय व मुंगेर पहुंचे।

    लखीसराय में बालगुदर स्थित हेलीपैड से वे गांधी मैदान पहुंचे और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, भाकपा माले के दीपांकर भट्टाचार्य एवं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के साथ वोटर अधिकार यात्रा पर निकल पड़े।

    पास में ही शहर स्थित बाजार समिति से उनकी यात्रा शुरू होनी थी। यहां काफी संख्या में कार्यकर्ताओं का हुजूम हाथ में पार्टी का झंडा लिए उनकी अगुवानी में खड़ा था।

    बिहार में बदलाव का उत्साह

    राहुल ने इस दौरान कहा कि बिहार में बदलाव का उत्साह दिख रहा है। कांग्रेस गरीबों की हकमारी नहीं होने देगी। लोकतंत्र में जो भी संवैधानिक अधिकार मिला हुआ है, उसे छीनने की कोशिश करने वालों को बिहार से ही जवाब दिया जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    देर शाम को मुंगेर के हेमजापुर में राहुल ने कहा कि भाजपा-जदयू के लोग बिहार की जनता की आंखों में धूल झोंक रहे हैं। ये लोग वोट चोरी करके सत्ता पर काबिज हो रहे हैं। देश का चुनाव आयोग भी भाजपा को समर्थन कर रहा है। जनता सब कुछ अपनी आंखों से देख रही है।

    भाजपा ने वोट चोरी करके जीत हासिल की

    पिछले चुनाव में भी भाजपा ने वोट चोरी करके जीत हासिल की है। इस बार मामला पकड़ा गया है। अब जनता इसका जवाब देगी। धारावी की जमीनें अडानी और अंबानी को बेच दी गई। यह पूंजीपतियों और अरबपतियों की सरकार है।

    इससे पूर्व, लखीसराय में यात्रा के दौरान राहुल व तेजस्वी ने कार्यकर्ताओं से संवाद भी किया। गांधी मैदान में राजद के एमएलसी अजय कुमार सिंह से उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में बदलाव के लिए एकजुट रहिए।

    राजद के पूर्व विधायक फुलेना सिंह, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार अनीश, महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. कुमारी सोनी से संवाद करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सभी लोकतंत्र बचाने के लिए मुस्तैदी से काम करें।

    अपने क्षेत्र के एक-एक मतदाता से मिलें और उनका नाम सूची में जुडवाएं। भाजपा की चाल को कभी पूरी होने नहीं दिया जाएगा। आपका उत्साह और उमड़ी भीड़ बता रही है कि यहां के लोग वर्तमान सरकार से ऊब चुके हैं।

    दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, भाकपा माले के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम गुरुवार को शेखपुरा के तिनमुहानी, चांदनी चौक, घोंघसा होते हुए जमुई के सिकंदरा पहुंचे। यहां से वे लखीसराय पहुंचे।

    एसआईआर से बिहार की जनता परेशान

    तेजस्वी यादव और दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि एसआईआर से बिहार की जनता परेशान है। जिन 65 लाख लोगों के नाम कटे हैं, उनकी शिकायतों के बारे में चुनाव आयोग कुछ नहीं बता रहा।

    दो लाख नए लोगों का नाम जोड़ने की बात सामने आ रही है। ये कौन लोग हैं! ये भी कहीं जीरो (0) घर संख्या वाले फर्जी वोटर तो नहीं हैं, इन्होंने कहा कि एक ओर जहां लोगों का मताधिकार छीनने की तैयारी है, वहीं, मोदी सरकार संसद में एक नया बिल लाकर राज्यों में विपक्ष को सरकार चलाने से रोकने की पूरी तैयारी कर रही है।

    यह नया बिल देश के लोकतंत्र और संघीय ढांचे पर बड़ा हमला है। वोटर अधिकार यात्रा ने जबरदस्त आंदोलन का रूप ले लिया है। बिहार में 'बदलो सरकार' की मुहिम के साथ मिलकर यह आंधी बन जाएगी। कोई भी ताकत नीतीश-भाजपा सरकार को बचा नहीं पाएगी।

    यात्रा में वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, भाकपा माले नेता एवं एमएलसी और अखिल भारतीय स्कीम वर्कर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव शशि यादव, भाकपा माले केंद्रीय कमेटी के सदस्य संतोष सहर, छात्र संगठन आईसा के बिहार राज्य उपाध्यक्ष दिव्यम और इंटरनेट मीडिया सेल के सदस्य प्रेम राज आनंद भी साथ थे।