रेलवे का नया तोहफा: शुरू हुई 'शेयरेबल सीजन टिकट' सुविधा, एक यूजर बुक कर सकेगा 6 यात्रियों के टिकट
रेलवन ऐप पर शेयरेबल यूटीएस सीजन टिकट की सुविधा शुरू की गई है, जिससे यात्री घर बैठे अपने और परिवार ...और पढ़ें

शुरू हुई 'शेयरेबल सीजन टिकट' सुविधा, एक यूजर बुक कर सकेगा 6 यात्रियों के टिकट (AI Generated Image)
HighLights
रेलवन ऐप पर शेयरेबल यूटीएस सीजन टिकट सुविधा शुरू।
घर बैठे अपने और परिवार के लिए टिकट बुक करें।
फोटो और क्यूआर कोड से टिकट की होगी जांच।
संवाद सहयोगी, किशनगंज। यात्रियों को स्टेशन के टिकट काउंटर पर लंबी कतार से राहत देने के लिए रेलवन ऐप पर शेयरेबल यूटीएस सीजन टिकट की सुविधा शुरू की गई है। अब पंजीकृत यात्री घर बैठे अपने साथ परिवार के योग्य सदस्यों और अन्य यात्रियों के लिए भी सीजन टिकट बुक कर सकेंगे। यह सुविधा दो सितंबर 2026 से शुरू की गई है।
नई व्यवस्था के तहत एक पंजीकृत उपयोगकर्ता अपने लिए एक सीजन टिकट के अलावा नियमों के अनुसार परिवार के सदस्यों या अन्य योग्य यात्रियों के लिए अधिकतम पांच और सीजन टिकट बुक कर सकता है।
अपने लिए टिकट बुक करने वाले यात्री की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित है, जबकि किसी अन्य यात्री के लिए टिकट बुक कराने की न्यूनतम आयु पांच वर्ष होनी चाहिए।
अपने लिए बुक किए गए सीजन टिकट को सफल जियो-फेंसिंग सत्यापन के बाद उसी दिन से इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, दूसरे यात्रियों के लिए बुक किया गया टिकट अगले दिन से मान्य होगा।
फोटो और क्यूआर कोड से होगी जांच
शेयरेबल सीजन टिकट में फोटो और क्यूआर कोड आधारित सत्यापन की सुविधा दी गई है। टिकट पर यात्री की फोटो और क्यूआर कोड उपलब्ध रहेगा, जिससे टिकट जांच कर्मचारी यात्री की पहचान और टिकट की वैधता की जांच कर सकेंगे।
यात्रा के दौरान यात्री को वैध सीजन टिकट की स्पष्ट प्रिंटेड कॉपी या मोबाइल में उसका पीडीएफ संस्करण रखना होगा। रेलवन ऐप से प्राप्त बुकिंग रसीद, इनवॉइस और यूटीएस पेपर टिकट की प्रतियां वैध यात्रा दस्तावेज नहीं मानी जाएंगी।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि टिकट और क्यूआर कोड को पूरी वैधता अवधि में सुरक्षित और स्पष्ट रखें। क्यूआर कोड के क्षतिग्रस्त, बदले या पढ़ने योग्य नहीं रहने की स्थिति में डिजिटल सत्यापन नहीं हो सकेगा और रेलवे के नियमानुसार यात्री को बिना वैध टिकट के यात्रा करने वाला माना जा सकता है।
एचएचटी से होगी डिजिटल जांच
एनएफआर ने टिकट जांच कर्मचारियों को भी नई व्यवस्था और सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी दी है। ट्रेन जांच कर्मचारी, स्टेशन कर्मचारी और जांच दस्ते को क्यूआर कोड स्कैनिंग की सुविधा वाले अपडेटेड हैंड-हेल्ड टर्मिनल (एचएचटी) एप्लिकेशन का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे के अनुसार, नई सुविधा का उद्देश्य सीजन टिकट बुकिंग को आसान बनाने के साथ डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बनाना है। यात्रियों को रेलवन ऐप के माध्यम से टिकट बुक करने और यात्रा के दौरान फोटो व क्यूआर कोड वाला वैध सीजन टिकट साथ रखने की सलाह दी गई है।
