Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार सरकार ने किशनगंज-ठाकुरगंज-गलगलिया रूट को बनाया स्टेट हाईवे, 2 NH को जोड़ती है ये सड़क

    किशनगंज जिले के लिए खुशखबरी किशनगंज-तैयबपुर-ठाकुरगंज-गलगलिया मार्ग अब स्टेट हाईवे बनेगा। इस फैसले से क्षेत्र में खुशी की लहर है क्योंकि लोगों का मानना है कि इससे आर्थिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। यह सड़क दो राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ती है और व्यापार पर्यटन के लिए भी महत्वपूर्ण है। लोगों ने सरकार से उन्नयन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की उम्मीद जताई है।

    By Birbal Mahto Edited By: Rajat Mourya Updated: Fri, 25 Jul 2025 07:16 PM (IST)
    Hero Image
    किशनगंज-ठाकुरगंज से गलगलिया मार्ग को स्टेट हाईवे में हुआ परिवर्तित, आवागमन होगा सुगम

    बीरबल महतो, ठाकुरगंज (किशनगंज)। किशनगंज जिले के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में पथ निर्माण विभाग द्वारा किशनगंज–तैयबपुर-ठाकुरगंज-गलगलिया (केटीटीजी) मार्ग को राज्य उच्च पथ (स्टेट हाईवे) में उन्नयन की प्राथमिक सहमति प्रदान की गई है।

    जैसे ही यह सूचना सार्वजनिक हुई, ठाकुरगंज प्रखंड समेत आसपास के क्षेत्रों में हर्ष की लहर दौड़ पड़ी। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए मील का पत्थर बताया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस संदर्भ में पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव ने राज्य के 40 वृहद जिला पथों (एमडीआर–मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड्स) में से 49 किलोमीटर लंबी केटीटीजी रोड को राज्य राजमार्ग में परिवर्तित करने की अनुशंसा की है। यह महत्वपूर्ण सड़क दो राष्ट्रीय राजमार्गों को आपस में जोड़ती है जो किशनगंज में एनएच 27 से शुरू होकर ठाकुरगंज में एनएच 327ई तक जाती है।

    क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगा नया विस्तार:

    केटीटीजी मार्ग के राज्य राजमार्ग में परिवर्तित होने से किशनगंज, तैयबपुर, ठाकुरगंज और गलगलिया जैसे शहर, कस्बे और गांव आपस में अधिक कुशलता से जुड़ सकेंगे। इसके परिणामस्वरूप लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और व्यापार, उद्योग तथा यातायात गतिविधियों को गति मिलेगी।

    विशेष रूप से, ठाकुरगंज प्रखंड की सीमा से सटे पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले और पड़ोसी देश नेपाल से आने-जाने वालों के लिए यह मार्ग एक प्रभावी संपर्क मार्ग सिद्ध होगा। किशनगंज जिला मुख्यालय से संपर्क स्थापित करने के लिए यह मार्ग सर्वाधिक सुविधाजनक विकल्प बन जाएगा।

    अंतरराष्ट्रीय व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा:

    इस सड़क का स्टेट हाईवे में परिवर्तन अंतरराष्ट्रीय व्यापार और पर्यटन के लिहाज से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत और नेपाल के बीच व्यापारिक आवाजाही को सुगम बनाने के साथ-साथ यह मार्ग उत्तर बंगाल और सीमांचल क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा प्रदान करेगा।

    साथ ही, यह मार्ग औद्योगिक विकास, कृषि उत्पादों की निर्बाध आपूर्ति, युवाओं के रोजगार और स्थानीय कुटीर उद्योगों के लिए भी नए अवसर लेकर आएगा। वहीं, राज्य राजमार्ग में शामिल होते ही इस पथ का रख-रखाव, चौड़ीकरण, सड़क गुणवत्ता और यातायात सुविधाएं राज्य सरकार के उच्च मानकों पर आधारित होंगी। इससे भविष्य में इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग में उन्नयन की संभावनाएं भी बनेंगी।

    इस ऐतिहासिक निर्णय के बाद ठाकुरगंज एवं आसपास के इलाकों में खुशी और आशा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सरकार से अपेक्षा जताई है कि उन्नयन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू हो और इस मार्ग को एक मॉडल स्टेट हाईवे के रूप में विकसित किया जाए।

    ठाकुरगंज क्रिकेट क्लब एसोसिएशन के अध्यक्ष कन्हैया लाल महतो ने बताया कि किशनगंज-तैयबपुर-ठाकुरगंज-गलगलिया मार्ग का राज्य उच्च पथ में परिवर्तन सीमांचल क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगों में से एक थी। अब जबकि यह मार्ग उन्नयन की प्रक्रिया में शामिल हो गया है, इससे न केवल क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह सीमावर्ती इलाकों को भी राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा।