विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवबंदी धर्मगुरुओं को 'काफिर' कहने की शर्त, धार्मिक बहस में बदला किशनगंज का निकाह विवाद

Published: Wed, 18 Nov 2026 10:40 PM (IST)

किशनगंज में एक निकाह समारोह में देवबंदी धर्मगुरुओं को काफिर कहने की शर्त पर विवाद शुरू हुआ, जिससे दुल्हन ने निकाह से इनकार कर दिया।

निकाह की सांकेतकि तस्वीर

निकाह की सांकेतकि तस्वीर

HighLights

  1. दुल्हन ने देवबंदी धर्मगुरुओं को काफिर कहने की शर्त ठुकराई।

  2. मौलाना शफीउर्रहमान ने माफीनामा वापस लेने का दावा किया।

  3. देवबंदी-बरेलवी उलमा के बीच धार्मिक बहस की चुनौती।

जागरण संवाददाता, किशनगंज। पोठिया प्रखंड के अर्राबाड़ी क्षेत्र में निकाह समारोह के दौरान मसलक (धार्मिक विचारधारा) को लेकर शुरू हुआ विवाद अब लगातार नए मोड़ ले रहा है।

12 नवंबर को निकाह के समय दुल्हन के सामने देवबंदी विचारधारा छोड़ने और चार प्रमुख देवबंदी धर्मगुरुओं को काफिर (इस्लाम से बाहर) कहने की शर्त रखे जाने का आरोप लगा। दुल्हन ने इससे इनकार कर दिया, जिसके बाद निकाह नहीं हो सका और रिश्ता टूट गया।

घटना के बाद इंटरनेट मीडिया पर एक के बाद एक वीडियो प्रसारित हुए। पहले मौलाना शफीउर्रहमान का माफीनामा सामने आया, जिसमें उन्होंने देवबंदियों को मुसलमान बताते हुए उन्हें काफिर कहना गलत माना।

लेकिन इसके बाद प्रसारित दूसरे बयान में उन्होंने दावा किया कि उनसे दबाव में माफी मंगवाई गई थी और वे अपने पहले के बयान पर कायम हैं।

15 नवंबर को रज्जाक खान की इंटरनेट मीडिया आइडी से प्रसारित इस वीडियो में मौलाना कह रहे है कि 12 नवंबर को सामने आए माफीनामे को दबाव में दिया गया बयान बताया गया है।

मौलाना की ओर से दावा किया गया है कि उन्हें रोका गया और धमकाया गया था, जिसके कारण उन्होंने माफी मांगी थी। अब वे उस माफीनामे से पीछे हट रहे हैं।

बयान में पोठिया के बुदरा बस्ती के इमाम मौलाना शाकिर रहमान का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, दबाव में माफी दिलाए जाने के दावे की किसी पुलिस या सरकारी जांच से पुष्टि नहीं हुई है।

धार्मिक बहस की चुनौती पर दोनों पक्षों का अपना पक्ष

इसी विवाद के बीच 16 नवंबर को पोठिया की जामा मस्जिद में उलमा काउंसिल इस्लामपुर, उत्तर दिनाजपुर की बैठक हुई।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक में बरेलवी पक्ष के कुछ धर्मगुरुओं मुफ्ती फिरोज आलम मिस्बाही और मौलाना शमशेर आलम रिजवी सहित अन्य ने देवबंदी धर्मगुरुओं को मुनाजरे (धार्मिक विषयों पर आमने-सामने बहस) की चुनौती दी।

इसके जवाब में उलमा-ए-हक किशनगंज की ओर से चुनौती स्वीकार करने की बात कही गई। हालांकि, देवबंदी पक्ष ने धार्मिक मतभेदों को लेकर विवाद और बहस की राजनीति को बढ़ावा देने के बजाय लिखित जवाब के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय करने की बात कही।

इस संबंध में मुफ्ती फिरोज आलम मिस्बाही ने बताया कि उलमा-ए-देवबंद की ओर से जारी पत्र और उसमें उठाए गए सवालों का जवाब धार्मिक बहस के मंच पर ही दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सभी सवालों का जवाब उसी दौरान स्पष्ट रूप से रखा जाएगा। इसके लिए दोनों पक्ष आपसी सहमति से तारीख तय करेंगे और निर्धारित दिन दोनों पक्षों के उलेमा आमने-सामने बैठकर अपना पक्ष रखेंगे।

देवबंदी पक्ष की ओर से बरेलवी पंथ की किसी मान्यता प्राप्त धार्मिक संस्था या दारुल इफ्ता (धार्मिक सवालों पर निर्णय देने वाली संस्था) से दो सवालों पर लिखित जवाब मांगा गया है।

पहला सवाल अलग-अलग मसलक के युवक-युवती का निकाह बरेलवी धर्मगुरु द्वारा पढ़ाए जाने की धार्मिक वैधता को लेकर है।

दूसरा सवाल इसी परिस्थिति में देवबंदी धर्मगुरु द्वारा निकाह पढ़ाए जाने और उससे जन्म लेने वाली संतान की धार्मिक मान्यता से जुड़ा है।

24 नवंबर तक हस्ताक्षरयुक्त लिखित जवाब देने की मांग की गई है। इसके बाद धार्मिक बहस की तारीख और स्थान तय करने की बात कही गई है।

उलेमा ने की आपसी एकता बनाए रखने की अपील

विवाद के बीच किशनगंज के मौलाना फैजुर्रहमान नदवी का बयान भी सामने आया है। 17 नवंबर को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित साक्षात्कार में उन्होंने सीमांचल में देवबंदी और बरेलवी उलेमा के लंबे समय से साथ रहने का उल्लेख करते हुए मौजूदा विवाद को नया फितना (धार्मिक और सामाजिक विवाद) बताया।

उन्होंने कहा कि बाहरी लोग आपसी मतभेद का लाभ उठाकर समाज को बांटना चाहते हैं। लोगों से अपील की कि वे अधूरी जानकारी के आधार पर किसी के पीछे न चलें और उलेमा के बीच सम्मान तथा एकता बनाए रखें।

उन्होंने टूटे हुए रिश्ते और इससे प्रभावित महिलाओं की पीड़ा को समझने की भी बात कही।
एक निकाह समारोह से शुरू हुआ विवाद अब दो धार्मिक विचारधाराओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप और धार्मिक बहस की चुनौती तक पहुंच गया है।

एक ओर माफीनामे को सही बताते हुए गलती स्वीकार किए जाने की बात कही जा रही है, तो दूसरी ओर उसे दबाव में दिलवाया गया बयान बताया जा रहा है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- बिहार में दिलीप की जगह विक्की दे रहा था STET परीक्षा, ₹20000 में तय हुआ सौदा; अब पुलिस का एक्शन

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में नवजात का अपहरण, चार घंटे में होटल से सकुशल बरामद, महिला समेत दो गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।