बिहार में दिलीप की जगह विक्की दे रहा था STET परीक्षा, ₹20000 में तय हुआ सौदा; अब पुलिस का एक्शन
मुजफ्फरपुर के एलएंडटी एडूटेक डिजिटल एक्जाम सेंटर में एसटीईटी परीक्षा के दौरान एक फर्जी अभ्यर्थी विक्की को दिलीप की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
मुजफ्फरपुर में एसटीईटी परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार।
विक्की ने दिलीप की जगह परीक्षा देने का प्रयास किया।
आर्थिक तंगी के कारण 20 हजार में सौदा तय हुआ।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के एलएंडटी एडूटेक डिजिटल एक्जाम सेंटर में एसटीईटी परीक्षा के दौरान एक फर्जी अभ्यर्थी विक्की को पकड़ा गया है। वह दिलीप की जगह परीक्षा दे रहा था। मामले में स्टेटिक दंडाधिकारी ने अहियापुर थाने में प्राथमिकी कराई है।
पुलिस ने आरोपित से पूछताछ कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आवेदन में कहा कि एसटीईटी परीक्षा के दौरान जांच के क्रम में अभ्यर्थी के पहचान पत्र और प्रवेश पत्र में विसंगति पाई गई।
पूछताछ और छानबीन में यह स्पष्ट हुआ कि पकड़ा गया युवक नवादा जिला के मेसकौल थाना के शेखावाड़ा निवासी विक्की कुमार उर्फ विकास कुमार है। वह दिलीप कुमार के बदले परीक्षा में बैठा था।
पुलिस के समक्ष उसने स्वीकार किया कि वह रामलखन सिंह यादव कॉलेज में बीए का छात्र है। आर्थिक तंगी और परिवार की स्थिति खराब होने के कारण उसने पैसों के लालच में यह कदम उठाया था।
बताया कि उसकी पहचान न्यू एरिया नवादा के रहने वाले विकास नामक युवक से हुई थी। जिसके जरिए उसका संपर्क नवादा के नवीन नगर निवासी दिलीप कुमार से हुआ।
दिलीप के बदले परीक्षा में बैठने के एवज में उसे 20 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। पैसे उसे परीक्षा के बाद मिलने वाले थे।
लालच में आकर वह द्वितीय पाली की परीक्षा में दिलीप की जगह कंप्यूटर आधारित परीक्षा देने केंद्र पर पहुंच गया। जहां अधिकारियों की सतर्कता के कारण वह पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपित के पास से आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य प्राप्त कर लिए है।