बिहार में छठ पर घर वापसी मुश्किल: ट्रेनों में वेटिंग 300 पार, स्पेशल में भी टिकट संकट
किशनगंज के प्रवासी छठ पर घर लौटने के लिए टिकट संकट का सामना कर रहे हैं। नियमित और स्पेशल ट्रेनों ...और पढ़ें

बिहार में छठ पर घर वापसी मुश्किल: ट्रेनों में वेटिंग 300 पार, स्पेशल में भी टिकट संकट
HighLights
नियमित ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची, 300 पार वेटिंग।
स्पेशल ट्रेनों में भी टिकट मिलना मुश्किल हो रहा।
दिल्ली रूट की ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं।
सुभजीत शेखर, किशनगंज। दीपावली के बाद छठ पर घर लौटने की तैयारी कर रहे किशनगंज के प्रवासियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है। नियमित ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची है और स्पेशल ट्रेनों में भी कई जगह वेटिंग 200 से 300 के पार पहुंच गई है।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद में काम करने वाले लोगों के सामने तत्काल टिकट ही आखिरी सहारा बचा है।
दिल्ली में यात्रियों श्याम गुप्ता, राजीव मिश्रा और अरविंद ने बताया कि कई दिनों से टिकट बुक कराने की कोशिश के बावजूद सफलता नहीं मिली।
संपूर्ण क्रांति, नार्थ ईस्ट, महानंदा और अवध-असम एक्सप्रेस के स्लीपर व थर्ड एसी में लंबी प्रतीक्षा सूची है। कई ट्रेनों में नो रूम है, जबकि राजधानी एक्सप्रेस में भी आरएसी और प्रतीक्षा सूची के कारण परेशानी है।
ऑनलाइन बुकिंग में भी यात्रियों को निराशा मिल रही
तत्काल टिकट की बुकिंग एसी के लिए सुबह 10 बजे और स्लीपर के लिए 11 बजे शुरू होते ही कुछ मिनटों में सीटें भर रही हैं। ऑनलाइन बुकिंग में भी यात्रियों को निराशा मिल रही है।
दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु से पटना तथा बागडोगरा की उड़ानों का किराया अधिक होने से विमान का विकल्प भी परिवारों के बजट से बाहर है।
रमेश साह ने बताया कि उनका बेटा ट्रेन टिकट न मिलने पर विमान से पटना और फिर बस से किशनगंज आने की सोच रहा था, लेकिन किराये के कारण परिवार असमंजस में है।
टिकट संकट के साथ देरी ने भी मुश्किल बढ़ाई है। महानंदा, नॉर्थ ईस्ट, ब्रह्मपुत्र और राजधानी सहित दिल्ली रूट की ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। रमेश कुमार की ट्रेन करीब छह घंटे देर से थी।
प्रतीक्षालय में जगह न मिलने से यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर रात बितानी पड़ रही है। प्लेटफॉर्म संख्या दो पर अवध-असम का इंतजार कर रहे सुमन और चंदन ने भी यही परेशानी बताई। राजू साह को ड्यूटी छूटने और एक दिन का वेतन कटने की आशंका है।
स्टेशन अधीक्षक घनश्याम कुमार ने पेयजल और अन्य सुविधाएं दुरुस्त करने की जानकारी दी। रेल पुलिस और आरपीएफ भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और निगरानी में सतर्क हैं।
यह भी पढ़ें- दीपावली और छठ पर रेलवे का अतिरिक्त इंतजाम, कानपुर से बिहार, हावड़ा और गोरखपुर के लिए 65 स्पेशल ट्रेनें
यह भी पढ़ें- छठ पूजा के लिए स्पेशल ट्रेन, 10-12 नवंबर को लुधियाना-सहरसा के बीच चलेगी; 4 राज्यों के 25 स्टेशन होंगे कनेक्ट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।