खगड़िया में युवक की निर्मम हत्या, मुंह में मारी गोली; बगीचे में निर्वस्त्र अवस्था में मिला शव
बेलदौर थाना क्षेत्र में राजू कुमार नामक एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह टेंट के काम से कुर्बन गांव गया था और लौटते समय उसकी हत्या हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संवाद सूत्र, बेलदौर (खगड़िया)। बेलदौर थाना क्षेत्र के कुर्बन पंचायत स्थित महद्दीपुर बासा निवासी सुधीर सिंह के इकलौते पुत्र 21 वर्षीय राजू कुमार की हत्या अपराधियों ने गोली मारकर कर दी।
घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। राजू कुमार डीजे और टेंट का काम करता था। वह एक शादी समारोह में टेंट के काम से ही कुर्बन गांव गया था।
मुंह में मारी गई गोली
शुक्रवार की देर रात्रि राजू कुमार घर लौट रहा था। इस दौरान महद्दीपुर वासा के वीरेंद्र सिंह के आम बगीचे में अपराधियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। राजू कुमार को मुंह में एक गोली मारी गई है।
शनिवार की सुबह जब लोग बगीचा पहुंचे, तो युवक के नंग-धड़ंग शव को देखकर अचंभित रह गए। जंगल की आग की तरह यह बात फैल गई। इसकी सूचना मृतक के स्वजनों और बेलदौर पुलिस को दी गई।
सूचना पर बेलदौर थानाध्यक्ष परशुराम सिंह दल- बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आरंभिक छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम में सदर अस्पताल खगड़िया भेजा गया। एफएसएल टीम को सूचना दी गई। सूचना पर खगड़िया से पहुंची एफएसएल टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य एकत्रित किए।
कुछ दूरी पर पड़े हुए थे कपड़े
शव से 50 मीटर की दूरी पर युवक के कपड़े फेंके हुए मिले हैं। मृतक के कपड़े को जब्त कर लिया गया है। घटना बाद मृतक के स्वजनों का हाल-बेहाल है। मृतक के माता-पिता एक ही बात कह रहे हैं- घर का चिराग ही बुझ गया।
बेलदौर थानाध्यक्ष परशुराम सिंह ने बताया कि अभी तक मृतक के स्वजन की ओर से आवेदन नहीं मिला है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है। विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल चल रही है।
घटनास्थल का जायजा गोगरी एसडीपीओ रमेश कुमार ने भी लिया है। उन्होंने कहा कि घटना के कारण का पता नहीं चल पाया है। शीघ्र मामले का पर्दाफाश हो जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।