खगड़िया में राजद जिलाध्यक्ष पर केस दर्ज, गरमाया राजनीतिक माहौल
खगड़िया में राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव की कथावाचकों पर कथित टिप्पणी से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा नेता संजय खंडेलिया ने इसे लेकर मामला दर्ज कराया है जिसमें धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। वहीं राजद जिलाध्यक्ष ने खुद को सनातनी बताते हुए आरोपों को खारिज किया है।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। खगड़िया में बिहार विधानसभा चुनाव से पूर्व राजनीतिक माहौल गरम हो उठा है। राजद खगड़िया जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव द्वारा इंटरनेट मीडिया पर कथावाचकों के खिलाफ की गई कथित टिप्पणी वायरल हो रही है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल टिप्पणी की पुष्टि दैनिक जागरण नहीं करता है।
इधर इसको लेकर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय खंडेलिया द्वारा खगड़िया नगर थाना में केस दर्ज कराया गया है। केस में आरोप लगाया गया है कि धर्मगुरु रामभद्राचार्य जी, बागेश्वरधाम के धीरेंद्र ब्रह्मचारी और कथावाचक प्रदीप मिश्रा के विरुद्ध राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने तथ्यहीन, आधारहीन, भ्रामक और समाज को आक्रोशित करने वाली टिप्पणी की है।
जानबूझ कर किया ऐसा
ये सभी सनातन धर्म के प्रमुख व्यक्ति हैं। ये करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र बिंदु हैं। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा है कि राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने इनलोगों के विरुद्ध तथ्यहीन, आधारहीन, भ्रामक और समाज को आक्रोशित करने वाली टिप्पणी करके मेरे और करोड़ों लोगों को मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया है। आरोप लगाया गया है कि समाज में वैमनस्य फैलाने एवं सौहार्द को बिगाड़ने के उद्देश्य से जानबूझ कर ऐसा किया गया है।
मामले में राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने कहा कि मैं भगवान कृष्ण का वंशज हूं। मुझसे बड़ा सनातनी हिंदू कौन है। बलुआही ठाकुरबाड़ी में करोड़ों की लागत से भव्य मंदिर का निर्माण करा रहे हैं। कोई मुझे सनातन की परिभाषा न समझाएं। इस तरह के एफआईआर से हम डरने वाले नहीं हैं।
मामले में नगर थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि आरंभिक तौर पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच- पड़ताल की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।