खगड़िया लोक अदालत में 83 वर्षीय दंपति के बीच सुलह, 1611 वादों का निष्पादन
खगड़िया में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया जिसमें 1611 मामलों का निपटारा किया गया। 31186971 रुपए का समझौता हुआ। प्रधान जिला जज ने सभी पीठासीन पदाधिकारियों को मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया। एक 83 वर्षीय दंपति के बीच समझौता कराया गया। डालसा के सचिव ने सभी को धन्यवाद दिया और अगली लोक अदालत में अधिक मामलों के निपटारे की उम्मीद जताई।

जागरण संवाददाता, खगड़िया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पटना के निर्देश पर 13 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन सिविल कोर्ट खगड़िया एवं अनुमंडलीय सिविल कोर्ट गोगरी में किया गया। जिसमें सभी प्रकार के सुलहनीय वादों का निष्पादन किया गया।
खगड़िया सिविल कोर्ट में प्रधान जिला जज सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खगड़िया राजेश कुमार बच्चन, प्रधान न्यायाधीश मनोज कुमार द्विवेदी, जिला एवं अपर न्यायाधीश, प्रथम संजय कुमार, स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष रजनीश कुमार श्रीवास्तव तथा चंदन कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार खगड़िया आदि के द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया गया।
विभिन्न वादों के निष्पादन हेतु इस बार लोक अदालत में कुल 14 बेंच का गठन किया गया था। जिसमें 13 खगड़िया व्यवहार न्यायालय के लिए और एक अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय गोगरी के लिए बेंच गठित किए गए थे।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान कई बार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खगड़िया द्वारा मामलों के निष्पादन हेतु गठित पीठ का निरीक्षण किया गया तथा पक्षकारों से बातचीत कर उनके मामलों का निष्पादन संबंधित बेंच में कराया गया।
प्रधान जिला जज द्वारा सभी पीठासीन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जो भी पक्षकार आए हैं उनके वाद का निष्पादन करके ही उन्हें वापस भेजें।
इस राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय खगड़िया द्वारा 83 वर्षीय दंपति के बीच समझौता कराकर न्यायालय से विदा किया गया।
खगड़िया जिले की चंद्रकला देवी ने अपने पति पर भरण-पोषण वाद लाई थी। जिसमें दोनों के बीच राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह कराई गई। दोनों साथ रहने को तैयार हुए और खुशी-खुशी घर गए।
राष्ट्रीय लोक अदालत के तहत सिविल कोर्ट खगड़िया एवं गोगरी में कुल 1611 वादों का निष्पादन किया गया एवं पक्षकारों के बीच कुल 3,11,86,971 रुपए का समझौता हुआ।
जिसमें कोर्ट में लंबित वाद कुल 717, बैंक ऋण वाद 858 एवं बीएसएनएल से संबंधित 36 वाद का निष्पादन किया गया। मुकदमे के पक्षकारों की सहायता के लिए इस बार भी चार हेल्प डेस्क बनाए गए थे। जो लोगों के लिए बहुत उपयोगी और मददगार साबित हुए।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के नोडल पदाधिकारी सह सीनियर डिप्टी कलेक्टर विकास कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी खगड़िया विमल कुमार सिंह, डीएसपी मुख्यालय प्रवीण कुमार मिश्रा, सभी न्यायिक पदाधिकारीगण, विभिन्न बैंक के शाखा प्रबंधकगण तथा अधिवक्तागण और कोर्ट के समस्त स्टाफ आदि उपस्थित थे।
डालसा के सचिव चंदन कुमार ने लोक अदालत की सफलता के लिए सभी न्यायिक अधिकारीगण, कर्मचारीगण, बैंककर्मी, पीएलवी, अधिवक्तागण आदि काे धन्यवाद देते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया है। और यह उम्मीद जताई है कि अगले लोक अदालत में इससे ज्यादा मामलों का निष्पादन किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।