खगड़िया और कोसी के यात्रियों के लिए खुशखबरी, मानसी से दिल्ली तक मिलेगी स्पेशल ट्रेन की सुविधा
रेलवे ने दीपावली और छठ पर्व के लिए मानसी से नई दिल्ली (शकूरबस्ती) तक एक विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है।

खगड़िया के मानसी जंक्शन से नई दिल्ली (शकूरबस्ती) के लिए विशेष ट्रेन।
HighLights
मानसी से नई दिल्ली (शकूरबस्ती) के लिए विशेष ट्रेन।
दीपावली और छठ पर्व के लिए यात्रियों को सुविधा।
यह ट्रेन खगड़िया जंक्शन पर भी रुकेगी।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। दीपावली और आस्था के महापर्व छठ के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ तथा यात्रियों की सुगम आवाजाही को सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने कमर कस ली है।
इसी क्रम में कोसी क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मानसी जंक्शन से नई दिल्ली (शकूरबस्ती) के लिए एक नई स्पेशल ट्रेन के परिचालन की घोषणा की गई है।
इस विशेष ट्रेन के चलने से खगड़िया ही नहीं, बल्कि आसपास के पूरे कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों को पर्व के दौरान आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, त्योहारी सीजन में मानसी जंक्शन से गुजरने वाली राजधानी एक्सप्रेस और वैशाली एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में भारी बुकिंग और लंबी वेटिंग लिस्ट रहती है। पर्व के समय यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ही रेलवे ने यह कदम उठाया है।
वैशाली एक्सप्रेस क्लोन के रूप में चलेगी
विभागीय स्तर पर जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, यह स्पेशल ट्रेन प्रसिद्ध 'वैशाली एक्सप्रेस' के क्लोन के रूप में मानसी और शकूरबस्ती (नई दिल्ली) के बीच चलाई जाएगी।
खास बात यह है कि आम यात्रियों और दैनिक सफर करने वालों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस पूरी ट्रेन में केवल जनरल कोच लगाए जाएंगे, जिससे अनारक्षित टिकट पर यात्रा करने वाले प्रवासियों को भारी राहत मिलेगी।
ट्रेन का संचालन और तिथियां
मानसी से शकूरबस्ती (04405): यह स्पेशल ट्रेन 7 नवंबर से 16 नवंबर 2026 के बीच कुल आठ ट्रिप चलेगी। यह ट्रेन निर्धारित तिथियों (7, 8, 9, 12, 13, 14, 15 और 16 नवंबर) को मानसी जंक्शन से सुबह 11:30 बजे प्रस्थान करेगी।
शकूरबस्ती से मानसी (04406): वापसी की दिशा में यह ट्रेन 5 नवंबर से 14 नवंबर 2026 के बीच आठ ट्रिप संचालित होगी। यह गाड़ी (5, 6, 7, 10, 11, 12, 13 और 14 नवंबर को) शकूरबस्ती से शाम 7:10 बजे खुलेगी।
खगड़िया जंक्शन पर भी होगा ठहराव
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, मानसी से खुलने वाली यह विशेष ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर खगड़िया जंक्शन पर भी रुकेगी। खगड़िया स्टेशन पर ठहराव होने से स्थानीय यात्रियों और शहर के लोगों को इस ट्रेन का सीधा लाभ मिल सकेगा।
