विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अटेंशन प्लीज! त्योहारों पर रेल यात्रियों को बड़ी राहत, अमृतसर से कोलकाता और बरौनी के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

Published: Tue, 15 Sep 2026 06:56 PM (IST)

उत्तर रेलवे ने आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अमृतसर से कोलकाता और बरौनी के लिए विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।

अमृतसर से कोलकाता और बरौनी के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें।

अमृतसर से कोलकाता और बरौनी के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें।

HighLights

  1. उत्तर रेलवे ने त्योहारों के लिए विशेष ट्रेनें चलाईं

  2. अमृतसर से कोलकाता और बरौनी तक सेवाएं उपलब्ध

  3. यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए निर्णय

जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। आगामी त्योहारों के दौरान रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने अमृतसर से कोलकाता और बरौनी के बीच त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।

फिरोजपुर मंडल की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार अमृतसर–कोलकाता–अमृतसर आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस के आठ तथा अमृतसर–बरौनी–अमृतसर आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस के नौ फेरे लगाए जाएंगे। इससे पंजाब से उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

दोनों स्पेशल ट्रेनों में एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, नौ स्लीपर और छह सामान्य श्रेणी के कोच होंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से त्योहार स्पेशल ट्रेनों का लाभ उठाकर अपनी यात्रा को सुविधाजनक बनाने की अपील की है।

अमृतसर–कोलकाता के आठ फेरे

ट्रेन संख्या 04624 अमृतसर–कोलकाता स्पेशल 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार अमृतसर से रात 8:10 बजे रवाना होगी और 42 घंटे 50 मिनट बाद दोपहर 3 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04623 कोलकाता–अमृतसर स्पेशल 10 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को सुबह 4:45 बजे कोलकाता से चलेगी और 40 घंटे 20 मिनट बाद रात 9:05 बजे अमृतसर पहुंचेगी।

दोनों दिशाओं में यह ट्रेन ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, ढंडारी कलां, अंबाला छावनी, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, पनियहवा, बगहा, नरकटियागंज, बेतिया, सगौली, बापूधाम मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, किऊल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन, आसनसोल, दुर्गापुर और बर्द्धमान स्टेशनों पर रुकेगी।

बरौनी के लिए नौ फेरे

ट्रेन संख्या 04668 अमृतसर–बरौनी स्पेशल 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को अमृतसर से रात 8:10 बजे रवाना होकर 30 घंटे बाद सुबह 2:10 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04667 बरौनी–अमृतसर स्पेशल 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को बरौनी से सुबह 5:05 बजे चलेगी और 32 घंटे 45 मिनट बाद दोपहर 1:50 बजे अमृतसर पहुंचेगी।

मार्ग में दोनों दिशाओं में ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, ढंडारी कलां, अंबाला छावनी, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, आलमनगर, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, वाराणसी, औंड़िहार, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर और शाहपुर पटोरी स्टेशन पर ठहराव होगा।