विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतसर से जयनगर, आनंद विहार से भागलपुर तक 11 स्पेशल ट्रेनें, त्योहारों में इन रूटों पर मिलेगी सुविधा

Published: Wed, 14 Oct 2026 07:40 PM (IST)

रेलवे ने दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 11 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है।

त्‍योहारों पर घर लौटना होगा आसान। एआई फोटो

त्‍योहारों पर घर लौटना होगा आसान। एआई फोटो

HighLights

  1. 11 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की गई।

  2. दुर्गापूजा, दीपावली, छठ के लिए अतिरिक्त भीड़ संभालेगी।

  3. बेंगलुरु, दिल्ली, अमृतसर से बिहार तक चलेंगी।

जागरण संवाददाता, पटना। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 11 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है।

ये ट्रेनें बेंगलुरु, हुब्बल्लि, नागपुर, अमृतसर, दिल्ली, उधना, टाटानगर और पूर्वोत्तर के विभिन्न शहरों से बिहार के अलग-अलग स्टेशनों तक चलेंगी।

इनके परिचालन से पटना, दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, जयनगर और भागलपुर जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

पूर्व मध्य रेल की ओर से बुधवार को जारी सूचना के अनुसार, इन ट्रेनों में नियमित साप्ताहिक सेवाओं के साथ दो जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें भी शामिल हैं। इनका परिचालन अक्टूबर और नवंबर के दौरान अलग-अलग तिथियों तक किया जाएगा।

पटना, दानापुर और हाजीपुर होकर चलेंगी कई ट्रेनें

हुब्बल्लि-मुजफ्फरपुर स्पेशल 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को हुब्बल्लि से चलेगी। यह गुरुवार को डीडीयू, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र और हाजीपुर होते हुए दोपहर 2:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।

वापसी में मुजफ्फरपुर से प्रत्येक शुक्रवार को ट्रेन चलेगी। यशवंतपुर-सहरसा स्पेशल 11 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को बेंगलुरु के यशवंतपुर से रवाना होगी।

यह मंगलवार को डीडीयू, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर होते हुए समस्तीपुर, खगड़िया और मानसी के रास्ते रात 8:20 बजे सहरसा पहुंचेगी।

वापसी में सहरसा से प्रत्येक बुधवार को परिचालन होगा। नागपुर-समस्तीपुर स्पेशल 21 अक्टूबर से 11 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को नागपुर से चलेगी।

यह गुरुवार को सोनपुर, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर होते हुए रात 11:45 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी। वापसी में समस्तीपुर से प्रत्येक शुक्रवार को ट्रेन खुलेगी।

अमृतसर, टाटानगर और ऋषिकेश से भी स्पेशल ट्रेनें

छेहरटा-अमृतसर से मुजफ्फरपुर के बीच स्पेशल ट्रेन 19 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। यह बगहा, नरकटियागंज, बेतिया और सगौली होते हुए मंगलवार को दोपहर 1:10 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।

वापसी में मुजफ्फरपुर से प्रत्येक मंगलवार को परिचालन होगा। अमृतसर-जयनगर स्पेशल 16 अक्टूबर से 29 नवंबर तक निर्धारित दिनों में चलेगी।

यह दिल्ली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा होते हुए जयनगर पहुंचेगी। वापसी में जयनगर से अमृतसर के लिए भी सप्ताह में तीन दिन ट्रेन उपलब्ध रहेगी।

नारंगी-गोरखपुर स्पेशल 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। यह गुवाहाटी, कामाख्या, कटिहार, खगड़िया, बरौनी और हाजीपुर होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी।

टाटानगर-बक्सर स्पेशल 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को टाटानगर से रवाना होगी। यह कोडरमा, राजगीर, बिहारशरीफ और पटना जंक्शन होते हुए बुधवार को सुबह 9:15 बजे बक्सर पहुंचेगी।

वापसी में बक्सर से प्रत्येक बुधवार को ट्रेन चलेगी। आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल 10 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रतिदिन आनंद विहार से चलेगी।

यह डीडीयू, गया, नवादा और किउल होते हुए अगले दिन दोपहर 1:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी। वापसी में भागलपुर से प्रतिदिन परिचालन होगा।

योगनगरी ऋषिकेश-कोलकाता स्पेशल 16 अक्टूबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। यह डीडीयू, गया, कोडरमा और धनबाद होते हुए रविवार सुबह 8 बजे कोलकाता पहुंचेगी।

उधना-जयनगर के बीच दो जोड़ी अनारक्षित ट्रेनें

उधना-जयनगर के बीच दो जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। ट्रेन संख्या 09073/09074 का परिचालन 18, 20, 25 और 27 अक्टूबर की निर्धारित तिथियों पर होगा।

यह डीडीयू, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी होते हुए चलेगी।
दूसरी ट्रेन संख्या 09071/09072 भी 18, 20, 25 और 27 अक्टूबर की निर्धारित तिथियों पर चलेगी।

इसके ठहराव भी बिहार के प्रमुख स्टेशनों पर होंगे। रेलवे का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों से पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने में मदद मिलेगी।

यात्रियों को यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की तारीख, समय और ठहराव की पुष्टि रेलवे की आधिकारिक सूचना से कर लेनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-पटना के बीच 16 कोच वाली वंदे भारत स्पेशल, त्योहार पर ट्रेन का शेड्यूल जारी; देखें ड‍िटेल