कौन है ये बच्चा, जिसके साथ तेजस्वी ने हेलीकाप्टर में बनाया बिहार चुनाव का मास्टर प्लान... जोश में भरी भीड़ का पारा हाई
Bihar Chunav 2025 बिहार अधिकार यात्रा पर निकले राजद नेता तेजस्वी यादव गुरुवार को खगड़िया पहुंचे। जहां उन्होंने अपने साथ हेलीकाप्टर में एक बच्चे को बिठाकर देर तक उससे बातचीत की। इस दौरान उत्साही भीड़ अपने नेता के समर्थन में जोश के साथ नारेबाजी करता रहा। तेजस्वी ने कहा कि एकजुट रहेंगे तभी सरकार बदलेगी।

जागरण संवाददाता, खगड़िया। Bihar Chunav 2025 खगड़िया में जनसभा को संबोधित करने के बाद वापसी के दौरान पूर्व बिहार के उप मुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने एक बच्चे को अपने हेलीकाप्टर में बैठाकर उससे बातचीत की। बिस्कुट खिलाने के साथ तेजस्वी यादव ने बच्चे को एक कलम भी दिया। बच्चा हेलीकाप्टर में बैठ कर काफी खुश दिख रहा था। हेलीकाप्टर से उतरने बाद यह बच्चा उत्साह के साथ तेजस्वी यादव जिंदाबाद का नारा लगाने लगा। जिसे देखकर भीड़ भी अपने नेता के लिए जिंदाबाद के नारे लगाने लगी।
केंद्र व राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा
बिहार अधिकार यात्रा को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव गुरुवार को खगड़िया पहुंचे। उन्होंने खगड़िया, महेशखूंट और बेलदौर के परीनगरा में जनसभा को संबोधित किया। उन्हों केंद्र व राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के लोग बदलाव चाहते हैं। सब एकजुट रहे इस बार सरकार बदलेगी। उन्होंने कहा हम लोग को सम्मान और अधिकार देना चाहते हैं। खगड़िया की जनता एकजुट रहिए। सब समाज के लोग हर वर्ग के लोग हर धर्म के लोग हर जात के लोग एकजुट हो जाएं।
तेजस्वी ने कहा, अपने बिहार को बेहतर बनाने के लिए, अपना और अपने बाल बच्चों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए आप सब लोगों को एक होना होगा। तभी नया बिहार बनेगा। उन्होंने कहा 20 साल इन लोगों ने राज किया। केंद्र में 11 साल, बिहार में 20 साल लेकिन अभी भी गरीबी है। अफसरशाही बढ़ गई है। कोई अधिकारी लोगों की नहीं सुनता है। लोगों की चप्पलें घिस जाती है। अधिकारी घूस पर लोगों का काम करते है। भ्रष्टाचार बढ़ा है। सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है।
उन्होंने लोगों से पूछा एनडीए का बिहार में नीतीश सरकार, एनडीए का भारत में सरकार है, पर एनडीए सरकार आप लोगों के जीवन में परिवर्तन ला सकी, नहीं ला सकी, क्या हुआ, कुछ भी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि एक नई सोच के साथ नया बिहार बनाना है। सभी लोग एक साथ होकर नया बिहार बनाने के लिए एकजुट हो जाइए।
वहीं जनसभा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे को लेकर कहा कि चुनाव है ऐसे ही लोग आते रहते हैं। वे बेरोजगारी खत्म करने नहीं आ रहे हैं, या बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने नहीं आ रहे हैं। वह अपने फायदे के लिए आ रहे हैं। सवाल पूछा कि क्या पत्रकार की पिटाई करने वाले मंत्री पर कोई कार्रवाई होगी, सिर्फ अपने फायदे के लिए आते हैं।
तेजस्वी ने प्रशांत किशोर को लेकर कहा वैसे ही बोलते रहते हैं। इस मौके पर अलौली के राजद विधायक रामवृक्ष सदा, राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव, खगड़िया विधायक छत्रपति यादव, राजद युवा नेता नीरज यादव सहित राजद के अन्य नेता मौजूद थे। वही तेजस्वी यादव ने यात्रा को लेकर महेशखूंट और बेलदौर के एनएच 107 पीरनगरा में भी जन सभा को संबोधित किया। जहां नेताव कार्यकर्तओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।