विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घर पर खड़ी रही घोड़ी, फिर भी जीत गई वायरल रेस, अनंत सिंह के नदवां में नहीं उतरी खगड़िया की 'राजधानी एक्सप्रेस'

Published: Sat, 28 Nov 2026 09:54 AM (IST)

Khagaria Rajdhani Express Mare Viral Race Anant Singh Nadwan Horse Race: खगड़िया की मशहूर घोड़ी 'राजधानी एक्सप्रेस' चोटिल होने के कारण नदवां की रेस में शामिल नहीं हो पाई, फिर भी इंटरनेट मीडिया पर छाई रही। यह घोड़ी शाही खानपान, समर्पित स्टाफ और 2017 से लगातार जीत के लिए जानी जाती है।

खगड़िया के परबत्ता स्थित माधवपुर में अपनी मशहूर घोड़ी ‘राजधानी एक्सप्रेस’ के साथ घुड़सवार बाबू साहब कुमार

खगड़िया के परबत्ता स्थित माधवपुर में अपनी मशहूर घोड़ी ‘राजधानी एक्सप्रेस’ के साथ घुड़सवार बाबू साहब कुमार

HighLights

  1. चोटिल होने पर भी 'राजधानी एक्सप्रेस' घोड़ी ने वायरल रेस जीती।

  2. काजू-पिस्ता, घी की डाइट और दो स्टाफ इसकी सेवा में।

  3. 2017 से लगातार कई घुड़दौड़ प्रतियोगिताओं में शानदार जीत दर्ज की।

संवाद सूत्र, खगड़िया। Khagaria Rajdhani Express Mare Viral Race Anant Singh Nadwan Horse Race: इसे कहते हैं असली स्टारडम! मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी के मौके पर पटना के नदवां में देशभर के दिग्गज घोड़े मैदान में धूल उड़ाते रहे, लेकिन इंटरनेट मीडिया की ‘वायरल रेस’ खगड़िया की मशहूर घोड़ी ‘राजधानी एक्सप्रेस’ ने घर बैठे ही जीत ली।

दायें पैर में चोट के कारण यह घोड़ी इस बार नदवां के मैदान में नहीं उतरी, लेकिन घुड़दौड़ प्रेमियों की जुबान से लेकर सोशल मीडिया की टाइमलाइन तक सिर्फ उसी के चर्चे हैं। दरअसल, वर्ष 2023 में इसी नदवां की रेस में 51 हजार रुपये का इनाम झटककर उसने जो भौकाल बनाया था, दर्शक आज भी उसकी कमी महसूस कर रहे हैं।

महारानी जैसा रहन-सहन: काजू-पिस्ता व घी की डाइट, मालिश को दो स्टाफ

‘राजधानी एक्सप्रेस’ के नाम से मशहूर इस घोड़ी का दूसरा नाम ‘खगड़िया का चेतक’ भी है। इसका रहन-सहन और खानपान किसी महारानी से कम नहीं है। जहां महंगाई के इस दौर में आम आदमी काजू-पिस्ता के भाव सुनकर ही पसीना पोंछ लेता है, वहीं परबत्ता प्रखंड के माधवपुर निवासी कटिमन सिंह की यह 16 वर्षीय घोड़ी रोजाना काजू, किशमिश, पिस्ता, बादाम, दूध, घी, शक्कर और शहद का शाही नाश्ता करती है।

सामान्य दिनों में इसकी डाइट पर 500 से 600 रुपये और रेस के दिनों में 1000 से 1500 रुपये रोजाना खर्च होते हैं। खास बात यह है कि इसकी थकान मिटाने और मालिश करने के लिए बाकायदा दो ‘स्टाफ’ नियुक्त हैं।

तीन पीढ़ियों की परंपरा, 2017 से लगातार जीत रही है बाजी

कटिमन सिंह के दरवाजे पर 55 वर्षों (तीन पीढ़ियों) से घोड़े पालने की परंपरा चली आ रही है। यहीं जन्मी ‘राजधानी एक्सप्रेस’ की कमान अब उनके पुत्र बाबू साहब कुमार संभालते हैं। बाबू साहब बताते हैं कि वर्ष 2017 से ‘राजधानी एक्सप्रेस’ कई घुड़दौड़ प्रतियोगिताओं में बाजी मार चुकी है:

  • पटना (नदवां): वर्ष 2023 में विधायक अनंत सिंह के गांव नदवां में आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता में विजेता रही।

  • झारखंड (साहबगंज): सकरी में महाशिवरात्रि के अवसर पर होने वाली घुड़दौड़ में वर्ष 2021 से लगातार जीत रही है।

  • खगड़िया (डुमरिया बुजुर्ग): सियादतपुर अगुवानी पंचायत स्थित डुमरिया बुजुर्ग गांव में माघी पूर्णिमा पर होने वाली रेस में वर्ष 2017 से लगातार सबसे आगे रही है।

  • वर्ष 2026 की उपलब्धियां: इसी साल सहरसा के फोरसाही, बांका के सहोरा और मुंगेर जिले में आयोजित घुड़दौड़ में भी इसने प्रतिद्वंद्वियों को धूल चटाई।

“नदवां जाते तो ‘थार’ लेकर लौटते”, अब जनवरी में सहोरा की तैयारी

चोट से उबर रही ‘राजधानी एक्सप्रेस’ के घुड़सवार बाबू साहब कुमार आत्मविश्वास से कहते हैं कि अगर इस बार नदवां जाते, तो ‘थार’ लेकर हम ही लौटते। फिलहाल आराम फरमा रही ‘राजधानी एक्सप्रेस’ जनवरी में बांका के सहोरा में फिर से रफ्तार भरने की तैयारी में है। बाबू साहब ने सरकार से मांग की है कि जिस तरह क्रिकेट जैसे खेलों पर ध्यान दिया जाता है, उसी तरह थोड़ा ध्यान घुड़दौड़ पर भी दिया जाए।

यह भी पढ़ें- 'मुझे शूट कर दो, एनकाउंटर कर दो': IPS भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह पर खगड़िया में FIR, पिस्टल छीनने का आरोप

यह भी पढ़ें- 'जिस माटी ने संवारा, अब उसे संवारें हम' खगड़िया प्रवासी समागम में देश-विदेश से जुड़े लोग, करेंगे निवेश व लगाएंगे उद्योग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।