'जिस माटी ने संवारा, अब उसे संवारें हम' खगड़िया प्रवासी समागम में देश-विदेश से जुड़े लोग, करेंगे निवेश व लगाएंगे उद्योग
Khagaria Pravasi Samagam खगड़िया जिला प्रशासन ने 'जिस माटी ने संवारा, अब उसे संवारें हम' थीम पर प्रवासी समागम आयोजित ...और पढ़ें
-1794986490851_m.webp)
Khagaria Pravasi Samagam देश-विदेश में रह रहे जिले के उद्यमियों और विशेषज्ञों से निवेश व विकास पर मंथन
HighLights
प्रवासी समागम में जिले के समग्र विकास पर गहन चर्चा हुई।
प्रवासियों ने खगड़िया में सक्रिय सहभागिता व निवेश का भरोसा दिलाया।
कृषि, स्टार्टअप, आईटी में विकास की अपार संभावनाएं बताई गईं।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। Khagaria Pravasi Samagamजिले के समग्र विकास में प्रवासियों के सुझाव, अनुभव और सहयोग को जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में भव्य प्रवासी समागम का आयोजन किया। इस पहल में देश-विदेश में रह रहे जिले के कई प्रतिष्ठित लोग शामिल हुए।
छठ महापर्व पर घर आए प्रवासी प्रत्यक्ष रूप से समागम में पहुंचे, जबकि बाहर कार्यरत कई लोग वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी विक्रम विरकर, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्रेया श्री, सांसद राजेश वर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव सहित अन्य अधिकारी, विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
‘जिस माटी ने संवारा, अब उसे संवारें हम’ थीम पर संवाद
कार्यक्रम की थीम ‘जिस माटी ने संवारा, अब उसे संवारें हम’ रखी गई थी। समागम का मुख्य उद्देश्य प्रवासी नागरिकों को जिले के विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और उनके व्यावसायिक अनुभव व सहयोग से खगड़िया को नई गति देना है। बैठक में जिले में चल रही विकास योजनाओं और उपलब्धियों के साथ-साथ आगामी परियोजनाओं तथा निवेश के संभावित अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रवासियों से सीधे सुझाव लिए गए और कई उद्यमियों ने अपने गृह जिले के विकास में सक्रिय सहभागिता व निवेश का भरोसा दिलाया।

खेती-मत्स्य पालन से लेकर स्टार्टअप और आईटी तक अपार संभावनाएं: डीएम
जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने छठ महापर्व पर घर लौटे प्रवासी भाई-बहनों और बाहर बसे जिले के लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि खगड़िया के लोग मेडिकल, इंजीनियरिंग, आईटी और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। कई उद्यमियों ने दूसरे राज्यों और विदेशों में सफल उद्योग स्थापित किए हैं, जिनका अनुभव जिले के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।
डीएम ने कहा कि पारंपरिक खेती और मत्स्य पालन से लेकर आधुनिक तकनीक, स्टार्टअप और उद्यमिता तक खगड़िया में विकास की बड़ी संभावनाएं हैं। नई पीढ़ी की प्रतिभा और प्रवासियों के अनुभव का संगम जिले में रोजगार व निवेश के नए द्वार खोलेगा।
निवेश की कमी नहीं, बेहतर प्रोजेक्ट रिपोर्ट और सही सोच जरूरी: सांसद
सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि खगड़िया के चौतरफा विकास के लिए प्रवासियों, बुद्धिजीवियों और उद्यमियों को एक मंच पर आना होगा। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई से तीन वर्षों में केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से जिले में बुनियादी ढांचे को नई रफ्तार मिली है।
इनमें मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति, खगड़िया से पूर्णिया तक फोरलेन सड़क, करीब छह से सात रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी), बेहतर रेल कनेक्टिविटी और खेल मैदानों का विकास प्रमुख हैं। सांसद ने कहा कि बाहर काम कर रहे लोगों के पास 15 से 20 वर्षों का व्यावसायिक अनुभव और तकनीकी ज्ञान है। जिले में निवेश और संसाधनों की कोई कमी नहीं है, बस ऐसे प्रोजेक्ट तैयार करने की जरूरत है जो निवेशकों को उचित लाभ दें और स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।