विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

70वीं BPSC में RDO बने बिहार के विकास कुमार का युवाओं को खास संदेश, छठ में खगड़िया पहुंचने पर लोगों ने बरसाए फूल

Published: Fri, 13 Nov 2026 11:46 AM (IST)

Khagaria Parbatta 70th BPSC Success Vikash Kumar: खगड़िया के विकास कुमार ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में ग्रामीण विकास पदाधिकारी बनकर ...और पढ़ें

Khagaria Parbatta 70th BPSC Success Vikash Kumar: छठ में खगड़िया पहुंचने पर लोगों ने क‍िया स्‍वागत।

Khagaria Parbatta 70th BPSC Success Vikash Kumar: छठ में खगड़िया पहुंचने पर लोगों ने क‍िया स्‍वागत।

HighLights

  1. विकास कुमार 70वीं बीपीएससी में ग्रामीण विकास पदाधिकारी बने।

  2. छठ पर खगड़िया लौटने पर उनका भव्य स्वागत हुआ।

  3. युवाओं को कड़ी मेहनत और लगन का संदेश दिया।

संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया)। Khagaria Parbatta 70th BPSC Success Vikash Kumar:  ब‍िहार के खगड़‍िया ज‍िला अंतर्गत परबत्ता प्रखंड के पसराहा थाना अंतर्गत शेरचकला पंचायत के काली चकला गांव निवासी विकास कुमार ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में सफलता का परचम लहराते हुए ग्रामीण विकास पदाधिकारी (आरडीओ) के पद पर चयनित होकर पूरे जिले का मान बढ़ाया है।

वर्तमान में गया स्थित प्रशिक्षण केंद्र में प्रशासनिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विकास कुमार गुरुवार को लोक आस्था के महापर्व छठ के अवकाश पर जब अपने गृह क्षेत्र लौटे, तो पसराहा रेलवे स्टेशन पर स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने उनका अभूतपूर्व और भव्य स्वागत किया।

गाड़ियों के काफिले और आतिशबाजी के साथ स्टेशन से गांव तक निकला जुलूस

शिक्षक पिता सुशील कुमार सिंह और शिक्षिका माता सुलेखा सिन्हा के होनहार पुत्र के अधिकारी बनकर पहली बार घर लौटने पर पूरे इलाके में खुशी और गौरव की लहर दौड़ गई है। विकास कुमार की इस शानदार उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

स्वागत के दौरान उत्साही युवाओं ने फूल-मालाओं से लादकर गाड़ियों के काफिले, गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ विकास कुमार को पसराहा रेलवे स्टेशन से उनके पैतृक गांव काली चकला तक पूरे सम्मान के साथ पहुंचाया। गांव पहुंचने पर आसपास के क्षेत्रों से आए प्रबुद्ध नागरिकों और बुजुर्गों ने उन्हें स्नेहिल आशीर्वाद दिया और उनका अभिनंदन किया।

लक्ष्य पाने को कई त्योहारों पर भी नहीं लौटे घर, युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

अपनी इस गौरवशाली सफलता का श्रेय निरंतर कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन को देते हुए विकास कुमार ने क्षेत्र के युवाओं को प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर कड़ा परिश्रम करें और पढ़ाई से कभी मुंह न मोड़ें।

अपने संघर्ष के दिनों को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए वे त्योहारों के दौरान भी कई बार घर नहीं आ सके थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सबसे मजबूत चाबी है, जिससे जीवन की सभी सफलताओं के द्वार खोले जा सकते हैं।

परिवार के साथ पूरे समाज व गांव का नाम किया रोशन

पुत्र की इस उपलब्धि पर भावुक और गौरवान्वित पिता सुशील कुमार सिंह ने कहा कि विकास ने अपनी मेहनत से न केवल परिवार का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे समाज और गांव का नाम राज्य स्तर पर रोशन किया है। इस भव्य स्वागत समारोह के अवसर पर सेवानिवृत्त कैप्टन सुबोध ठाकुर, वीर कुंवर सिंह, उप मुखिया मुकेश कुमार, सोनू ठाकुर, धीरज कुमार, डॉ. प्रभाकर कुमार और शिक्षिका रिंकू कुमारी सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- IPL व घरेलू मैचों के अनुभव का मिला इनाम, बिहार सीनियर क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी और कश्यप को म‍िली बड़ी ज‍िम्‍मेदारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।