'मुझे शूट कर दो, एनकाउंटर कर दो': IPS भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह पर खगड़िया में FIR, पिस्टल छीनने का आरोप
Khagaria Ex SP Bhanu Pratap Singh Wife Pooja Singh FIR: खगड़िया के पूर्व एसपी भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा ...और पढ़ें

Khagaria Ex SP Bhanu Pratap Singh Wife Pooja Singh FIR: खगड़िया के पूर्व SP की पत्नी पूजा सिंह पर FIR
HighLights
पूजा सिंह और परिवार पर खगड़िया में FIR दर्ज।
सरकारी कार्य में बाधा, पिस्टल छीनने का प्रयास आरोप।
एसपी आवास पर धरने के दौरान हुआ था हंगामा।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। Khagaria Ex SP Bhanu Pratap Singh Wife Pooja Singh FIR: खगड़िया के चर्चित तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब गंभीर कानूनी व आपराधिक मामले में तब्दील हो गया है। सरकार के आदेश पर एसपी भानु प्रताप सिंह के पुलिस मुख्यालय में योगदान देने के बाद खगड़िया के मुफस्सिल थाने में उनकी पत्नी पूजा सिंह समेत मायके पक्ष के कई लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यह प्राथमिकी मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह ने अपने स्वतः बयान (स्व-बयान) के आधार पर दर्ज कराई है। इस केस में पूजा सिंह के अलावा उनके पिता जीवन राम पारीक, मां पुष्पा देवी पारीक, भाई नीरज कुमार पारीक (सभी निवासी- 4ए, कुचिल घोषाल लेन, हावड़ा, पश्चिम बंगाल), बहन आरती सिंह, बहनोई सोनू सिंह (निवासी- नवांशहर, पंजाब), मौसा प्रहलाद मिश्रा (पश्चिम बंगाल) तथा पटना के चांदमारी रोड निवासी धनवंत सिंह राठौर को नामजद आरोपित बनाया गया है।
3 नवंबर को एसपी आवास के गेट पर धरने से मचा था हड़कंप
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना 3 नवंबर की सुबह की है। पूजा सिंह खगड़िया स्थित एसपी आवास के मुख्य प्रवेश द्वार पर धरने पर बैठ गई थीं। विदित हो कि एसपी आवास परिसर के भीतर जिला पुलिस की गोपनीय शाखा, जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) समेत कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यालय संचालित होते हैं, जहां दिनभर पुलिस अधिकारियों, कर्मियों और वाहनों की निरंतर आवाजाही रहती है।
प्राथमिकी में आरोप है कि जब थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूजा सिंह को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, तो उन्होंने प्रशासनिक कार्य में सीधे बाधा उत्पन्न की और किसी भी अधिकारी व कर्मी को भीतर जाने से रोकने लगीं। इससे परिसर में असहज स्थिति उत्पन्न हो गई और लोक शांति भंग होने का गंभीर खतरा पैदा हो गया।
'मुझे शूट कर दो, मेरा एनकाउंटर कर दो' और पिस्टल खींचने की कोशिश
थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह ने केस डायरी व प्राथमिकी में दर्ज कराया है कि समझाइश के दौरान पूजा सिंह अचानक उग्र हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूजा सिंह ने ड्यूटी पर तैनात थानाध्यक्ष की सरकारी पिस्टल पकड़कर खींचने का प्रयास किया।
इस दौरान वे जोर-जोर से चिल्लाते हुए कहने लगीं, "मुझे शूट कर दो, मेरा एनकाउंटर कर दो!" थानाध्यक्ष के अनुसार, पूजा सिंह ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से यह भी कहा कि उन्हें धनवंत सिंह राठौर भइया व अन्य लोगों ने यहां पहुंचाया है तथा उनकी मां, बहन और बहनोई द्वारा यह निर्देश दिया गया है कि जब तक बातचीत और फैसला नहीं हो जाता, तब तक एसपी आवास के सामने इसी तरह धरना जारी रखना है।
मुख्यालय चले गए एसपी, लेकिन पुलिस जांच के दायरे में आया ससुराल पक्ष
उल्लेखनीय है कि इस पूरे हाईवोल्टेज ड्रामे और विवाद की गंभीरता को देखते हुए गृह विभाग ने खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह को तुरंत मुख्यालय में योगदान देने का आदेश दिया था, जिसके बाद वे तीन दिन पूर्व खगड़िया से विदा हो गए। हालांकि, मुफस्सिल थाने में दर्ज हुए इस गंभीर मामले के बाद अब उनकी पत्नी, सास, ससुर, साले और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ खगड़िया पुलिस की कानूनी तफ्तीश का शिकंजा कस गया है।
इधर, मामले को लेकर मुफस्सिल थाना की वर्तमान प्रभारी थानाध्यक्ष संगीता कुमारी ने बताया कि थानाध्यक्ष (बड़ा बाबू) अवकाश पर हैं। उन्होंने केवल इतना स्पष्ट किया कि पूजा सिंह व अन्य आरोपितों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की अग्रतर जांच में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।