विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खगड़िया SP भानु प्रताप सिंह पर गिरी गाज, PHQ भेजा, पत्नी पूजा सिंह ने कहा था- तलाक नहीं, पति और बेटी के साथ रहना है

Published: Wed, 04 Nov 2026 08:23 PM (IST)

Khagaria SP Bhanu Pratap Singh Transferred: खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह को पारिवारिक कलह और पत्नी के साथ विवाद ...और पढ़ें

Khagaria SP Bhanu Pratap Singh Transferred: CM आवास से थाने तक पहुंची पत्नी की गुहार

Khagaria SP Bhanu Pratap Singh Transferred: CM आवास से थाने तक पहुंची पत्नी की गुहार

HighLights

  1. खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह का तबादला हुआ।

  2. पारिवारिक विवाद और पत्नी की शिकायतें बनीं वजह।

  3. शैलेन्द्र सिंह खगड़िया के नए पुलिस अधीक्षक बने।

जागरण संवाददाता, खगड़िया। Khagaria SP Bhanu Pratap Singh Transferred: पत्नी के साथ चल रहे पारिवारिक कलह और सड़क पर आए हाईवोल्टेज ड्रामे के कारण सुर्खियों में आए खगड़िया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भानु प्रताप सिंह पर आखिरकार राज्य सरकार की गाज गिर गई है। बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने बुधवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है।

वर्ष 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह को जिला छोड़कर बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में योगदान देने का कड़ा निर्देश दिया गया है। वहीं, शिवहर के मौजूदा एसपी शैलेन्द्र सिंह (2021 बैच) को खगड़िया का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

प्रेम विवाह से शुरू होकर सीएम आवास तक पहुंचा विवाद

जानकारी के अनुसार, भानु प्रताप सिंह और पूजा सिंह ने 16 जनवरी 2016 को प्रेम विवाह किया था। उस वक्त भानु प्रताप संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी कर रहे थे। पूजा सिंह का आरोप है कि पति के आईपीएस बनने के बाद उनके रिश्तों में दूरियां आने लगीं।

दंपती की छह वर्ष की एक बेटी है। पूजा का आरोप है कि उन्हें उनके पति और बेटी से जबरन अलग कर दिया गया। जब खगड़िया स्थित एसपी आवास पर उनकी फरियाद नहीं सुनी गई, तो उन्होंने आवास के बाहर विरोध जताया।

इसके बाद एक नवंबर को पूजा सिंह पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं और मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी व्यथा सुनाते हुए छह साल की बच्ची से मिलाने की गुहार लगाई। इससे पूर्व वे पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और बिहार राज्य महिला आयोग के समक्ष भी लिखित शिकायत दे चुकी थीं।

पटना महिला थाने में केस, महकमे की किरकिरी बनी वजह

मामला उस वक्त और गंभीर हो गया जब दो नवंबर की रात पूजा सिंह पटना महिला थाने पहुंचीं। उन्होंने अपने पति भानु प्रताप सिंह और ससुराल वालों के खिलाफ प्रताड़ना, मारपीट, बच्ची से दूर रखने और जबरन तलाक का दबाव बनाने के संगीन आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। पूजा का कहना है कि वे तलाक नहीं चाहतीं, बल्कि अपनी बच्ची और पति के साथ घर बसाना चाहती हैं।

जिले के शीर्ष पुलिस कप्तान का यह निजी विवाद मीडिया और प्रशासनिक गलियारों में इस कदर उछला कि पुलिस महकमे की भारी फजीहत होने लगी। खाकी की छवि पर पड़ रहे प्रतिकूल असर को देखते हुए सरकार ने उन्हें जिले से हटाकर मुख्यालय अटैच कर दिया। हालांकि, तबादले की अधिसूचना में पारिवारिक विवाद को आधिकारिक वजह नहीं बताया गया है।

शैलेन्द्र सिंह संभालेंगे खगड़िया, मो. मोहिबुल्लाह बने शिवहर एसपी

गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत कई अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी फेरबदल किए गए हैं। शिवहर के पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह अब खगड़िया जिले की विधि-व्यवस्था की कमान संभालेंगे। वहीं, मुजफ्फरपुर के नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) मो. मोहिबुल्लाह अंसारी (2021 बैच) को पदोन्नत करते हुए शिवहर जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

अपराजित बने राज्यपाल के एडीसी, ममता कल्याणी को अतिरिक्त प्रभार

इसके साथ ही, वर्ष 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी अपराजित को राज्यपाल सचिवालय में राज्यपाल का परिसहाय (एडीसी) नियुक्त किया गया है। वहीं, हाल ही में भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नत हुईं अधिकारी कुमारी ममता कल्याणी को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16 (BSAP-16), पटना के समादेष्टा (कमांडेंट) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अधिसूचना जारी होते ही सभी अधिकारियों को अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

यह भी पढ़ें- IPS बनने से पहले प्रेम विवाह, अब चर्चा में पारिवारिक विवाद; साथ रहने के लिए जद्दोजहद कर रहीं खगड़िया SP की पत्नी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।