अलौली विधानसभा पर सभी की नजर, RJD के फायरब्रांड नेता हैं विधायक; अब सुंभा गाजीघाट से NDA भरेगी हुंकार
बिहार में आगामी 2025 विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए और महागठबंधन दोनों ही सक्रिय हैं। एनडीए अलौली में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर रहा है जहां कई बड़े नेता शामिल होंगे। जदयू नेताओं ने सम्मेलन स्थल का जायजा लिया और इसे कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण बताया। वर्तमान में अलौली विधानसभा सीट पर राजद का कब्जा है लेकिन एनडीए इस सीट पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

संवाद सूत्र, अलौली (खगड़िया)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर एनडीए और महागठबंधन की तैयारी जोरों पर हैं। दोनों में से कोई भी गठबंधन किसी प्रकार की कोई कसर छोड़ना नहीं चाहता है।
एनडीए की ओर से विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर हुंकार भरे जा रहे हैं। बेलदौर और खगड़िया सदर विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हो चुके हैं।
अब सात सितंबर, रविवार को एनडीए का अलौली विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन होने जा रहा है। मालूम हो कि अलौली(सुरक्षित) विधानसभा सीट पर राजद का कब्जा है। यहां से राजद के फायरब्रांड नेता रामवृक्ष सदा विधायक हैं।
अगर बीते विधानसभा चुनाव की बात करें, तो 2020 में जदयू दूसरे स्थान पर रही थी। जबकि लोजपा को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा था। 2015 के विधानसभा चुनाव में यहां से राजद के चंदन राम ने परचम लहराया था। 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्हें राजद से टिकट नहीं मिली। चंदन राम आज जदयू में हैं।
खैर, अलौली(सुरक्षित) विधानसभा सीट पर आज की तारीख में एनडीए की पैनी नजर है। जबकि राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी भी नजर गड़ाए हुई है। यहां से राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के सुप्रीमो व पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस अपने पुत्र यशराज पासवान को चुनावी मैदान में उतारना चाहते हैं।
महागठबंधन की बात करें, तो यहां पर राजद का कब्जा है। अब देखना है कि 2025 के विधानसभा चुनाव में अलौली विधानसभा सीट से कौन-कौन पार्टियां चुनावी जंग में उतरती हैं। उम्मीदवार कौन होते हैं।
जदयू नेताओं ने लिया सम्मेलन स्थल का जायजा
फिलहाल अलौली विधानसभा क्षेत्र के सुंभा गाजीघाट में सात सितंबर को एनडीए का कार्यकर्ता सम्मेलन है। एनडीए ने सम्मेलन की सफलता को लेकर पूरी ताकत झोंक रखी हैं।
सरस्वती मैदान पर होने वाले विधानसभा स्तरीय एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैदान बैनरों, झंडों और तोरणद्वारों से सज गया है। जदयू नेताओं ने छह सितंबर काे सम्मेलन स्थल का जायजा भी लिया है।
जायजा लेने के बाद जदयू जिलाध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने कहा कि, यह सम्मेलन आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए कार्यकर्ताओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने दावा किया कि हर बूथ से अधिकतम संख्या में कार्यकर्ता भागीदारी करेंगे और सम्मेलन ऐतिहासिक सफलता दर्ज करेगा।
इस मौके पर जदयू के विधानसभा प्रभारी नंदलाल राय, जदयू जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री, जिला उपाध्यक्ष निर्मला कुमारी, जिला महासचिव राजीव रंजन, अलौली प्रखंड अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, मानसी प्रखंड अध्यक्ष राजनीति प्रसाद सिंह आदि मौजूद रहे।
सम्मेलन में इन नेताओं की रहेगी उपस्थिति
इस सम्मेलन में राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर के कई शीर्ष नेताओं की उपस्थिति होने जा रही है। इनमें बिहार सरकार में मंत्री रत्नेश सदा, मंत्री जीवेश मिश्रा, सांसद लवली आनंद, सांसद जनार्दन सिग्रीवाल, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा, पूर्व सांसद कहकशां परवीन, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामदेव पासवान, रालोमो महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष स्मृति कुमुद और हम (सेक्युलर) के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक डा. अनिल कुमार प्रमुख हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।