उत्तराखंड की बारिश खगड़िया में बरपा रही कहर, गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन अलर्ट
उत्तराखंड में भारी वर्षा के चलते खगड़िया में गंगा के जलस्तर में वृद्धि हो रही है जिससे बूढ़ी गंडक का जलस्तर भी बढ़ गया है। गंगा और बूढ़ी गंडक पर बने बांध-तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी गई है। गंगा खतरे के निशान से 21 सेंटीमीटर नीचे है जबकि बूढ़ी गंडक 31 सेंटीमीटर नीचे है। विभाग अलर्ट मोड में है और लगातार निगरानी कर रहा है।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। उत्तराखंड में हो रही भारी वर्षा का असर खगड़िया में दिखने लगा है। कई दिनों के बाद गंगा के जलस्तर में वृद्धि देखी जा रही है। गंगा के बढ़ने से बूढ़ी गंडक का भी जलस्तर बढ़ने लगा है।
मालूम हो कि बूढ़ी गंडक खगड़िया के गोगरी के पास गंगा से संगम करती है। गंगा के बढ़ने पर बैक वाटर से बूढ़ी गंडक भी बढ़ने लगती है। विभागीय जानकारी अनुसार उत्तराखंड की भारी वर्षा से ऊपर में गंगा बढ़ रही है।
इलाहाबाद, बनारस से लेकर बक्सर, गांधीघाट, हाथीदह, खगड़िया तक, गंगा के जलस्तर में वृद्धि जारी है। बढ़ते जलस्तर के कारण गंगा और बूढ़ी गंडक पर बने बांध-तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
तीन मोबाइल एंबुलेंस बांध-तटबंधों पर दौड़ रही हैं। इन एंबुलेंसों पर तत्काल फ्लड फाइटिंग कार्य को लेकर सारी सामग्रियां उपलब्ध रहती हैं। खगड़िया में 25 अगस्त से ही गंगा और बूढ़ी गंडक का जलस्तर एक बार पुन: बढ़ रहा है। हालांकि जलस्तर में वृद्धि की रफ्तार अभी धीमी है, लेकिन प्रवृति बढ़ने की बताई गई है।
गंगा के जलस्तर में अभी ब्रेक लगने के आसार नहीं
खगड़िया के खारा धार जलद्वार के पास 25 अगस्त की संध्या छह बजे गंगा का जलस्तर 33.83 मीटर रहा। 26 अगस्त की सुबह छह बजे जलस्तर 33.86 मीटर दर्ज किया गया। 12 घंटे के दौरान जलस्तर में तीन सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। गंगा अभी खतरे के निशान से 21 सेंटीमीटर नीचे है।
बूढ़ी गंडक भी पकड़ रही रफ्तार
खगड़िया के एनएच 31 ब्रिज(अघोरी स्थान) के पास 25 अगस्त की संध्या छह बजे बूढ़ी गंडक का जलस्तर 36.22 मीटर दर्ज किया गया। 26 अगस्त की सुबह छह बजे जलस्तर 36.29 मीटर पर पहुंच गया। 12 घंटे के दौरान बूढ़ी गंडक के जलस्तर में सात सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। बूढ़ी गंडक अभी खतरे के निशान से 31 सेंटीमीटर नीचे है।
उत्तराखंड की वर्षा के कारण गंगा का बढ़ना स्टार्ट हुआ है। गंगा धीरे-धीरे बढ़ रही है। गंगा के बैक वाटर से खगड़िया में बूढ़ी गंडक बढ़ती है। दोनों नदी अभी डेंजर लेवल से नीचे है। बांध-तटबंधों की सदत और सघन चौकसी जारी है। सभी बांध-तटबंध और आधारभूत संरचनाएं सुरक्षित हैं। विभाग अलर्ट मोड में है। -राजीव भगत, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-एक, खगड़िया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।