कांग्रेस की जय जवान, जय किसान, जय संविधान यात्रा, खगड़िया में विकास और जनसंवाद का संकल्प
खगड़िया में कांग्रेस की जय जवान जय किसान जय संविधान यात्रा का दूसरा दिन उत्सापूर्वक संपन्न हुआ। डॉ. चंदन यादव के नेतृत्व में यात्रा ने खगड़िया के विकास का रोडमैप पेश किया जिसमें कृषि और पशुपालन को बढ़ावा देने की बात कही गई। उन्होंने एनडीए सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया और महागठबंधन की सरकार बनाने का आह्वान किया।

जागरण संवाददाता, खगड़िया। प्रखंड कांग्रेस कमेटी, खगड़िया, मानसी, नगर कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई खगड़िया के संयुक्त तत्वावधान में चल रही ‘जय जवान, जय किसान, जय संविधान’ यात्रा बीते शनिवार को दूसरे दिन उत्साह और जन सहभागिता के साथ संपन्न हुआ।
यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और मध्य प्रदेश प्रभारी डा. चंदन यादव कर रहे थे। जानकारी अनुसार यह यात्रा आने वाले दिनों में खगड़िया के अन्य प्रखंडों एवं पंचायतों में भी जाएगी। जहां नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की ठोस योजना बनाई जाएगी।
यह यात्रा कांग्रेसजनों में नवीन उत्साह का संचार कर गई। इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव डॉ. चंदन यादव ने खगड़िया के विकास का रोडमैप भी सामने रखा। उन्होंने लोगों को बताया कि, किस प्रकार कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन से खगड़िया की आर्थिकी को मजबूत किया जा सकता है।
यहां से पलायन को रोका जा सकता है। आमजन ने उनकी बातों को ध्यान से सुना। अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कांग्रेस नेता ने समस्याओं के समाधान के तरीके बताए।
दूसरे दिन की यात्रा की शुरुआत एनएच-31 स्थित कसरैया मोड़ से हुई। यहां से यात्रा मानसी स्थित बलिदानी धन्ना माधव स्मारक तक पहुंचा। इस दौरान ठाठा, चुकती, राजाजान होते हुए लोहिया चौक मानसी में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। पूरे मार्ग में ग्रामीणों ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया।
डॉ. चंदन यादव ने बताया कि, यह यात्रा खगड़िया जिले के समग्र एवं संतुलित विकास को गति देने और यहां की जमीनी समस्याओं पर सार्थक पहल करने के लिए समर्पित है। बोले, बुनियादी ढांचे की कमी है। कमजोर स्वास्थ्य सेवाएं हैं।
रोजगार के अवसरों का अभाव है। जिसके कारण पलायन है। प्राकृतिक संसाधनों का असमान वितरण भी यहां के विकास में बाधा है। कहा, इन सबका स्थाई समाधान ही यात्रा का मूल संकल्प है।
उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, अब समय आ गया है कि हम डर और नफरत की राजनीति को समाप्त करें। एनडीए सरकार ने बिहार को केवल वादों का ‘जाल’ दिया है, जबकि जमीनी विकास अधूरी है। आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की मजबूत सरकार बनाकर हम एक नए और समृद्ध बिहार का निर्माण करेंगे।
उन्होंने कहा कि, यह यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन संवाद और विकास का संकल्प है। जो हर गांव, हर पंचायत और हर घर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।