जागरण संवाददाता, खगड़िया। मौसम के बदले मिजाज के साथ लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी जिले के अधिकांश भागों में जमकर वर्षा हुई। मंगलवार को भी सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे।
बीच- बीच में रुक- रुककर वर्षा होती रही। जिले के अधिकांश भागों में वर्षा हुई। मंगलवार को जिले के बलतारा में सर्वाधिक 60 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई।
वहीं चौथम में 40 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड हुई, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी वर्षा हुई। बताते चलें कि बीत दिन सोमवार को राज्य में सर्वाधिक वर्षा खगड़िया में ही 158 मिलीमीटर रिकार्ड की गई थी।
मंगलवार काे भी दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ रिमझिम वर्षा होती रही। वर्षा के कारण शहर से लेकर गांव तक में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
जल जमाव के कारण लोग परेशान दिखे। वर्षा के प्रभाव से तापमान में कमी आई है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा, जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। अभी वर्षा से निजात मिलने की संभावना भी नहीं है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अभी चार- पांच दिनों तक रोज वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान मध्यम से भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार खगड़िया में 23 सितंबर तक वर्षा होने की संभावना है। पूर्वानुमान में आज बुधवार और गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के साथ हवा का झोंका चलने और मेघ गर्जन के साथ वज्रपात होने की संभावना जताई गई है। हवा का झोंका 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल सकती है। हवा और वर्षा के प्रभाव से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक कमी आने की संभावना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।