कटिहार: बहन की डोली उठने से पहले भाई की अर्थी, डीजल लेने निकला 16 वर्षीय किशोर हादसे में मौत, गम के बीच निभाईं रस्में
कटिहार में बहन की शादी से ठीक पहले 16 वर्षीय भाई अमित कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गई। जनरेटर के लिए डीजल लेने गए अमित की बाइक जुगाड़ गाड़ी से टकरा गई, जिससे शादी का माहौल मातम में बदल गया।

मृतक अमित का फाइल फोटो.सौजन्य: स्वजन
HighLights
बहन की शादी से पहले 16 वर्षीय भाई की मौत।
जनरेटर के लिए डीजल लाते समय हुआ सड़क हादसा।
कटिहार में शादी वाले घर में पसरा गहरा मातम।
संवाद सूत्र, कोलासी (कटिहार)। घर में शहनाई बजने वाली थी, आंगन में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं और परिवार के लोग बारात के स्वागत की व्यवस्था में जुटे थे। हर तरफ खुशियों का माहौल था। बहन की शादी को लेकर सबसे ज्यादा उत्साहित उसका छोटा भाई अमित कुमार भी घर की जिम्मेदारियां निभाने में लगा था।
किसी को क्या अंदाजा था कि जिस घर में कुछ ही देर बाद मंगलगीत गूंजने वाले हैं, वहां अचानक रात के 12 बजे चीख-पुकार मच जाएगी। बारात पहुंचने से महज एक घंटे पहले हुए सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। बहन के हाथ पीले होने से पहले ही 16 वर्षीय भाई की मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। जिस भाई को बहन की शादी में साथ खड़ा होना था, उसकी अर्थी उठने की नौबत आ गई।
डीजल लेकर लौटते समय शिवाडीह चौक के पास हादसा
कोढ़ा थाना क्षेत्र के कोलासी शिविर अंतर्गत संदलपुर गांव निवासी नेवल तुरी के घर गुरुवार को बेटी की शादी थी। परिवार के तीन बेटों में सबसे छोटा अमित शादी की तैयारियों में हाथ बंटा रहा था। बताया जाता है कि जनरेटर चलाने के लिए डीजल कम पड़ने पर वह अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक से कोलासी पेट्रोल पंप गया था।
डीजल लेकर लौटने के क्रम में शिवाडीह चौक के पास गुरुवार रात करीब 12 बजे उनकी बाइक की एक जुगाड़ गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन रास्ते में ही अमित ने दम तोड़ दिया। घायल रिश्तेदार का उपचार अस्पताल में चल रहा है, जो रौतारा थाना क्षेत्र के चंदवा गांव का निवासी बताया जाता है।
मातम के बीच रस्में, फरार चालक की तलाश में पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही शादी वाले घर में मातम पसर गया। कुछ देर पहले तक जहां बारात के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहां स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया गया कि बारात मालदा जिले से पहुंची थी। इस अत्यंत दुखद और गमगीन माहौल के बीच आनन-फानन में शादी की रस्में पूरी कराई गईं।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना के बाद जुगाड़ गाड़ी का चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस छानबीन कर रही है।
यह भी पढ़ें- कटिहार: जिस आंगन में गूंज रही थी शहनाई, 24 घंटे बाद वहीं उठी चीख, बहूभोज में दूल्हे की मौत से उजड़ा सुहाग
यह भी पढ़ें- मखाना फोड़ने की घंटों की मेहनत मिनटों में खत्म, कटिहार मेले में 80% सब्सिडी वाली मशीन बनी किसानों का आकर्षण
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।