कटिहार: जिस आंगन में गूंज रही थी शहनाई, 24 घंटे बाद वहीं उठी चीख, बहूभोज में दूल्हे की मौत से उजड़ा सुहाग
कटिहार के पोठिया में शादी के 24 घंटे बाद बहूभोज के दौरान दूल्हे डॉ. पवन कुमार यादव की अचानक मौत हो गई। खुशियों का माहौल मातम में बदल गया, जिससे नवविवाहिता प्रीति कुमारी का सुहाग उजड़ गया और परिवार सदमे में है।

रोते-बिलखते स्वजन. जागरण
HighLights
शादी के 24 घंटे बाद दूल्हे की मौत।
बहूभोज के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत, निधन।
नवविवाहिता का सुहाग उजड़ा, परिवार सदमे में।
संवाद सूत्र, पोठिया (कटिहार)। जिस आंगन में एक दिन पहले तक शहनाई गूंज रही थी, बहू के आगमन पर मंगल गीत गाए जा रहे थे और नई बहू के स्वागत में बहूभोज की उमंग व उत्साह परवान पर था, अचानक वह आंगन चीख-पुकार और चीत्कार के बीच मातम में बदल गया। सात फेरों के साथ जीवनभर साथ निभाने का वचन देने वाले दूल्हे डॉ. पवन कुमार यादव का साथ उनकी नवविवाहिता प्रीति कुमारी से महज 24 घंटे के भीतर छूट गया। दुल्हन के हाथों की मेहंदी का रंग भी अभी फीका नहीं पड़ा था कि उसका सुहाग उजड़ गया।
गुरुवार को घर में बहूभोज का आयोजन था। सगे-संबंधियों, ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का जुटान हुआ था। डॉ. पवन कुमार यादव खुद मुस्कुराते हुए मेहमानों की आवभगत में लगे थे। कोई भोजन कर रहा था तो कोई नवदंपती को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दे रहा था। घर-आंगन में खुशियों का माहौल था। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि कुछ ही देर में यह उत्सव ऐसी त्रासदी में बदल जाएगा, जिसे दोनों परिवार शायद ही कभी भूल पाएं।
इसी दौरान अचानक डॉ. पवन कुमार की तबीयत बिगड़ गई। स्वजन आनन-फानन में उन्हें फलका पीएचसी लेकर पहुंचे। वहां से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर घर पहुंचते ही शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। जिस दूल्हे को कुछ देर पहले तक लोग बधाइयां दे रहे थे, उसकी असमय मौत से हर कोई स्तब्ध था।
बताया जाता है कि पोठिया बाजार वार्ड संख्या तीन निवासी डॉ. पवन कुमार यादव की शादी 25 नवंबर को दीरा चांदपुर गांव में हुई थी। परिवार में नई बहू के आगमन और वैवाहिक जीवन की शुरुआत को लेकर उत्साह था, लेकिन नियति के इस क्रूर मोड़ ने परिवार को खुशियों के बजाय बेटे की अर्थी उठाने का सदमा दे दिया।
बेटे को पुकारते-पुकारते बेसुध हो जा रही थी मां
बेटे की अचानक मौत ने मां प्रभा देवी को भीतर तक तोड़ दिया। जवान बेटे को खोने का सदमा वह सहन नहीं कर पा रही थीं। बार-बार बेटे को पुकारते हुए कह रही थीं, "बेटा रे... सुगवा हो... हे भगवान! यह क्या हो गया। अभी तो मेरे लाल ने नई जिंदगी की शुरुआत ही की थी। किसकी बुरी नजर लग गई मेरे बेटे को। अब किसके सहारे जिऊंगी?"
बेटे को याद करते ही वह बार-बार बेसुध हो जा रही थीं। आसपास मौजूद स्वजन उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मां का विलाप थमने का नाम नहीं ले रहा था। भाई श्रवण कुमार यादव और चंदन कुमार यादव का भी रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के जिस सदस्य की नई जिंदगी की शुरुआत पर सभी खुशियां मना रहे थे, उसी के अचानक चले जाने से घर का हर सदस्य सदमे में था।
उधर, प्रीति कुमारी के लिए भी यह ऐसा वज्रपात था, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। जिस बेटी को एक दिन पहले मायके वालों ने हंसी-खुशी विदा किया था, उसे नवविवाहिता के रूप में नहीं बल्कि जीवनसाथी को खो चुकी बेटी के रूप में वापस लौटते देख उनका कलेजा फट रहा था। स्वजन उसे उसके मायके दीरा चांदपुर ले गए।
एक ओर मां की आंखें अपने बेटे को तलाश रही थीं तो दूसरी ओर नवविवाहिता के हाथों की मेहंदी उसके अधूरे रह गए सपनों की गवाही दे रही थी। दो परिवारों के लिए शादी की खुशियां जीवनभर न भूलने वाले दुख में बदल गईं और पूरे इलाके में शोक व स्तब्धता का माहौल पसर गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।