कटिहार में बच्चियों ने संभाली मुख्य पार्षद की कुर्सी, नगर के विकास को लेकर दिए अहम सुझाव
बरारी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने नवरात्र में नौ बालिकाओं को अपनी कुर्सी पर बैठाकर नगर ...और पढ़ें

मुख्य पार्षद की कुर्सी पर बैठी बच्ची। फोटो जागरण
HighLights
मुख्य पार्षद ने नौ बालिकाओं को कुर्सी पर बैठाया।
बालिकाओं ने नगर विकास के महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
यह पहल बालिका सम्मान और नेतृत्व क्षमता बढ़ाएगी।
संवाद सूत्र, बरारी (कटिहार)। नवरात्र के अवसर पर नौ कन्याओं के पूजन और सम्मान की परंपरा को बरारी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने एक नई और प्रेरणादायक पहल से जोड़ा है।
उन्होंने नगर क्षेत्र की नौ बालिकाओं को सांकेतिक रूप से मुख्य पार्षद की कुर्सी पर बैठाकर नगर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखने का अवसर दिया।
इस पहल के माध्यम से आस्था के साथ बालिका सम्मान, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। नवरात्र की पहली पूजा से शुरू हुई।
इस पहल में बरारी नगर क्षेत्र की विधि सुमन, कशिश चौधरी, दृष्टि भारतीय, नजहत प्रवीण, राधा कुमारी, जिया श्री, माही कुमारी, जानवी कौशिक और सिरत कौर ने भाग लिया।
मुख्य पार्षद ने अपने निजी वाहन से सभी बालिकाओं को उनके घर से नगर पंचायत कार्यालय बुलवाया। कार्यालय में उनका स्वागत और सम्मान किया गया।
इसके बाद उन्हें सांकेतिक रूप से मुख्य पार्षद की कुर्सी पर बैठाकर नगर के विकास से संबंधित सुझाव मांगे गए। इस दौरान बालिकाओं ने अपनी जरूरतों और समस्याओं को सामने रखते हुए कई महत्वपूर्ण सुक्षाव दिए।
किसी ने बच्चों में पढ़ने की आदत करने के लिए लाइब्रेरी खोलने की आवश्यकता बताई, तो किसी ने बच्चों के मनोरंजन और गतिविधियों के लिए चिल्ड्रेन पार्क बनाने पर जोर दिया।
मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने कहा कि नवरात्र में कन्या पूजन की परंपरा नारी सम्मान और आस्था का प्रतीक है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं के सुझाव उत्साहजनक रहे। इससे उन्हें नगर की विकास प्रक्रिया और जनसमस्याओं को समझने का अवसर मिला।
यह भी पढ़ें- कटिहार में मकड़ी के जाल व कॉकरोच थीम पर बना अनोखा पंडाल; 1935 से हो रही पूजा, बंगाल के कारीगरों ने एक माह में बनाया
यह भी पढ़ें- यूपी-बिहार में अष्टमी, नवमी और विजयदशमी पर खोइछा भरने की क्या है परंपरा, मां दुर्गा की विदाई से जुड़ी है वजह
