'30 सितंबर के बाद बाहरी को पहुंचा दिया जाएगा बांग्लादेश', डिप्टी सीएम ने कटिहार में राहुल पर साधा निशाना
कटिहार के कोढ़ा में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि 30 सितंबर के बाद बाहरी लोगों को बांग्लादेश भेजा जाएगा और मूल निवासियों का नाम नहीं काटा जाएगा। उन्होंने राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि अब सीता माता को सीतामढ़ी में स्थापित किया जाएगा।

संवाद सूत्र, गेड़ाबाड़ी/कोढ़ा (कटिहार)। 30 सितंबर तक एसआईआर का कार्य चलेगा। तीस के बाद जो लोग बाहरी हैं उसे बांग्लादेश पहुंचा दिया जायेगा। हम वादा करते हैं जो भारत के मूल निवासी हैं उसका नाम नहीं काटेगा।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उक्त बातें कही। वो कोढ़ा स्थित हाई स्कूल के मैदान में शनिवार को एनडीए के विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में एनडीए सरकार बनने के बाद राम जी को टेंट से निकालकर अयोध्या में स्थापित किया गया।
अब बिहार में सरकार बनने के बाद माता सीता को सीतामढ़ी में स्थापित किया जायेगा। विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जो भारत के मूल निवासी है ही नहीं, इटली में रहकर अपना जीवन व्यतीत करते हैं, वह मखाना खेत में मौजा पहन कर चले जाते हैं। कभी वह आलू को सोना बनाते हैं। ऐसे लोग हमारे माता का अपमान करते है और वे प्रधानमंत्री को वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में उन्हें सबक सिखाना है। खगड़िया से पूर्णिया तक फोरलाइन सड़क का डीपीआर तैयार हो गया है। जल्द ही कार्य शुरू होगा। 15 सितंबर को प्रधानमंत्री पूर्णिया आ रहे हैं। उसी दिन पूर्णिया से हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। जल्द ही मखाना प्रोसेसिंग प्लांट बिहार में कई जगहों पर लगाया जाएगा।
एक करोड़ लोगों को नौकरी
यहां लोगों को रोजगार मिलेगा। सुशासन की सरकार में 50 लाख लोगों को रोजगार व सात लाख लोगों को सरकारी नौकरी अब तक दिया जा चुका है। आने वाले समय में एक करोड़ लोगों को नौकरी देने का काम भारत सरकार करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। राज्य में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उपमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से एकजूट होने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंत्री महेश्वर हजारी, मंत्री हरि सहनी, विधान पार्षद संजय सिंह, विधायक निशा सिंह, अशोक अग्रवाल, पूर्व सांसद दुलाल चंद गोस्वामी, पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा, पूर्व सांसद निखिल चौधरी, महापौर उषा अग्रवाल, बरारी विधायक विजय सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह सहित कई एनडीए कार्यकर्ताओं ने भी मंच साझा किया।
सम्मेलन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मनोज राय ने की जबकि मंच संचालन सूरज राय ने किया। सम्मेलन में विधायक प्रतिनिधि रमन झा, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष मनोज सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अभिषेक सिंह कुशवाहा, वरिष्ठ नेता मनोज ठाकुर, डोमन चौधरी, रवि चौधरी, रामनाथ पांडे, शंभू चौधरी, संगीता देवी, शांति जायसवाल आदि मौजूद थीं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।