आंधी तूफान ने मचाई तबाही, धान व मक्का फसल को क्षति, एक की मौत
संवाद सहयोगी कटिहार शुक्रवार की रात अचानक आई आंधी तूफान से धान व मक्का की फसल को व्यापक क्षति हुई है। अमदाबाद में तेज हवा के कारण सिर पर टीन का शेड गिर जाने के कारण एक महिला की मौत हो गई।
संवाद सहयोगी, कटिहार : शुक्रवार की रात अचानक आई आंधी तूफान से धान व मक्का की फसल को व्यापक क्षति हुई है। अमदाबाद में तेज हवा के कारण सिर पर टीन का शेड गिर जाने के कारण एक महिला की मौत हो गई। कई स्थानों पर पेड़ व बिजली के खंभे गिर गए। आंधी के कारण ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बाधित रही। शहर के कई मोहल्लों में भी बिजली का तार व पोल गिरने के कारण आपूर्ति व्यवस्था घंटों बाधित रही। तेज हवा के कारण खेत मे लगी मक्का,गरमा धान व मूंग की फसल को व्यापक क्षति पहुंची है। रबी फसल की क्षति से उत्पादन कम होने की संभावना है। आम व लीची को भी आंधी व तूफान से क्षति हुई है। बताते चलें कि जिले में 36 हजार हेक्टेयर में गेहूं व मक्का की खेती हुई है। प्राणपुर, कदवा, आजमनगर, अमदाबाद सहित अन्य प्रखंडों में आंधी तूफान से धान व मक्का की फसल को नुकसान हुआ है। तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ व कच्चे घर धाराशायी हो गए। देर रात आंधी व गरज के साथ बारिश हुई। बारिश के कारण भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। फसलों की क्षति से किसानों में निराशा है। जिला कृषि पदाधिकारी दिनकर प्रसाद सिंह ने बताया कि आंधी तूफान के कारण फसल क्षति का सर्वे कराने का निर्देश सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी को दिया गया है। कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम विज्ञानी स्वीटी कुमारी ने बताया कि बीती रात जिले में औसत लगभग 14.7 एमएम बारिश हुई है। सबसे अधिक 75 एमएम बारिश कोढ़ा में तथा सबसे कम बारिश आजमनगर प्रखंड में 2.4 एमएम हुई है। मौसम विज्ञानी ने बताया कि इस सप्ताह जिले में बारिश होने की संभावना है। उन्होंने किसानों को खेतों की पटवन के लिए कुछ दिन इंतजार करने की बात कही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।