यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 12, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Kudra Road Accident: NH-19 पर ओवरलोड ट्रक से टकराई टूरिस्ट बस, चालक सहित दो की मौत; आगरा जा रहे 39 यात्री घायल
Kudra Road Accident बिहार के कैमूर जिला में सोमवार की सुबह यात्रियों से भरी एक टूरिस्ट बस और ओवरलोड ट्रक ...और पढ़ें

कैमूर, जागरण संवाददाता। बिहार के कैमूर जिला स्थित कुदरा में एनएच-19 पर चिलबिली के पास सोमवार को करीब साढ़े आठ बजे ओवरलोड बालू लदे ट्रक और टूरिस्ट बस में भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में टूरिस्ट बस के चालक समेत दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि करीब 39 यात्री घायल हो गए।मृतक चालक कोलकता के 419 वीआइपी नगर हाउसिंग निवासी हरालाल देबसिंघा के 42 वर्षीय पुत्र जगदीश देबसिंघा बताया जाता है। जबकि एक अन्य की पहचान कोलकता निवासी धीरज वासू के 49 वर्षीय पुत्र धीमान वासू के तौर पर हुई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त टूरिस्ट बस पर करीब 55 लोग सवार थे। इनमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल थे। टूरिस्ट बस पश्चिम बंगाल के यात्रियों को लेकर कोलकाता से आगरा की ओर जा रही थी। यात्रियों को आगरा से आगे भी घूमने के लिए जाना था। इसी बीच बिहार के कुदरा में यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई। दुर्घटना में ट्रक का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक टूरिस्ट बस दुर्घटना से कुछ देर पहले कुदरा में एक लाइन होटल पर रुकी थी, जहां यात्रियों ने चाय पी थी। उसके बाद टूरिस्ट बस गंतव्य की ओर रवाना हुई। हाईवे की क्रॉसिंग कुछ दूर आगे थी। इसलिए टूरिस्ट बस विपरीत साइड से जाने लगी। अभी वह मुश्किल से करीब एक किलोमीटर ही आगे बढ़ी होगी कि स्थानीय थाना क्षेत्र के चिलबिली पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रहे ओवरलोड बालू लदे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। ट्रक के ओवरलोड व तेज रफ्तार से होने के चलते टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि करीब 50 मीटर तक ट्रक के साथ टूरिस्ट बस पीछे घीसटते हुए चली गई।
दुर्घटना की वजह से जहां टूरिस्ट बस में सवार अधिकांश यात्री घायल हो गए। वहीं दोनों वाहनों के चालक अपने अपने क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गए। कुदरा थानाध्यक्ष संजय कुमार के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम के द्वारा स्थानीय लोगों के सहयोग से किसी तरह ट्रक चालक को केबिन से निकालकर उसकी जान बचा ली गई। मगर टूरिस्ट बस के चालक की जान नहीं बचाई जा सकी। बस के केबिन में ही उसकी मौत हो गई और काफी मशक्कत से शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेजा गया।
घायलों को कुदरा के पीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल भभुआ लाया गया। जहां से पांच लोगों को स्थिति गंभीर होने के कारण हायर सेंटर रेफर किया गया। रेफर जाने के क्रम में गंभीर रूप से घायल धीमान वासू की मौत हो गई। शेष घायलों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
