स्वच्छ भारत अभियान को ठेंगा दिखा रही मोहनिया नगर पंचायत, जीटी रोड को बनाया कूड़ेदान
मोहनिया नगर पंचायत द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग को कूड़ादान बना दिया गया है जिससे राहगीर परेशान हैं। थाना के पास जीटी रोड पर कूड़े का ढेर लगा है जिससे दुर्गंध फैल रही है। सफाई की जिम्मेदारी होते हुए भी नगर पंचायत द्वारा कूड़ा डंप किया जा रहा है। सरकारी स्वच्छता अभियान के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंदगी का अंबार है जिससे राष्ट्रीय संपत्ति का अपमान हो रहा है।

संवाद सहयोगी, मोहनिया। नगर की गंदगी से राष्ट्रीय राजमार्ग गंदा हो रहा है। मोहनिया थाना से करीब दो किलोमीटर पश्चिम जीटी रोड के दोनों लेन में कूड़े का ढ़ेर लगा है। यहां कई ट्रैक्टर ट्रॉली कूड़ा डंप किया गया है। इससे निकलने वाली दुर्गंध से बगल से लोग परेशान हैं।
जहां राष्ट्रीय राजमार्ग की सफाई पर ही प्रशासन का ध्यान न हो वहां अन्य पथों की स्थिति क्या होगी इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। नगर पंचायत ने जीटी रोड को ही कूड़ादान बना दिया है। जिस पर सफाई की जिम्मेदारी है वही कूड़ा डंप कर रहा है।
सरकारी तौर पर सफाई को लेकर कई कार्यक्रम चलाया जा रहा है। गंदगी से होने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी दी जा रही है। लोगों को स्वस्थ रहने के लिए सफाई पर ध्यान देने की बात की जाती है। लेकिन नगर पंचायत का इस पर ध्यान नहीं है। पूरे नगर के कूड़े को थाना से करीब दो किलोमीटर पश्चिम जीटी रोड से सटे डंप किया जा रहा है।
करीब पांच सौ फीट की लंबाई में कूड़े कचरे को फैला दिया गया है। इसे निकलने वाली दुर्गंध से राहगीर व यात्री परेशान होते हैं। जीटी रोड राष्ट्रीय राजमार्ग है। इसके बगल में कूड़े के ढेर से इसकी सुंदरता कलंकित होती है। इस सड़क से 24 घंटे वाहन गुजरते हैं। जिसमें बैठे यात्री इस दृश्य को देखकर सरकारी व्यवस्था को कोसते हैं।
लंबे समय से यह कार्य चल रहा है। हर वार्ड से कूड़े का उठाव कर उसे राष्ट्रीय राजमार्ग के बगल में डंप करना इस बात का प्रमाण है कि नगर पंचायत को राष्ट्रीय संपत्ति के रखरखाव का भी ध्यान नहीं है। जरा सी वर्षा होने पर कूड़ा गीला होकर जीटी रोड पर फैलने लगता है। इससे पैदल यात्रियों व वाहन चालकों को परेशानी होती है।
नगर पंचायत चांदनी चौक बगल में अवस्थित डा. आंबेडकर पार्क से पूरब कूड़ादान बनाया है। जिसमें अगल बगल के घरों व दुकानों का कूड़ा फेंका जाता है। इससे निकलने वाली दुर्गंध से बगल के दुकानों व घरों में बैठना मुश्किल होता था। दो साल पूर्व में भी यहां कूड़ा डंप होता था। वरीय पदाधिकारियों की पहल पर कूड़ा डंप करने पर रोक लगाई गई थी।
अब पुनः आंबेडकर पार्क के पीछे टीन का घेरा बनाकर इसमें कूड़ा एकत्रित किया जा रहा है। यहां से ट्रैक्टर ट्रॉली से कूड़े का उठाव कर थाना से करीब दो किलोमीटर पश्चिम जीटी रोड के बगल में कूड़ा फेंका जा रहा है। दक्षिणी लेन में जहां कूड़ा डंप किया जाता है उसके बगल में पेट्रोल पंप व होटल है।
उत्तरी लेन में जहां कूड़ा संग्रह किया गया है उससे कुछ दूरी पर उत्तर दिशा में निजी अस्पताल है। बगल से कुरई गांव में जाने का रास्ता है। जीटी रोड के बगल में गंदगी का अंबार देखकर लोग यही कहते सुने जाते हैं कि पूरे देश में स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन नगर पंचायत खुद ही इस अभियान को ठेंगा दिखा रहा है।
जीटी रोड से सटे कूड़ा डंप करना गलत है। इस संबंध ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से बात की जाएगी। इस समस्या का समाधान शीघ्र कराया जाएगा। - अनिरुद्ध पांडेय, एसडीएम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।